फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गर्व है: भारतीय मूल के इन कलाकारों का हॉलीवुड में बजता है डंका, दमदार एक्टिंग कर दुनिया भर में छाए

Wed, 02 Jun 2021 03:50 PM IST
स्वाति सिंह एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 11
हॉलीवुड में भारतीय मूल के कलाकार - फोटो : अमर उजाला
बॉलीवुड के कई ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने भारतीय फिल्म जगत के साथ-साथ हॉलीवुड फिल्म जगत में भी ख्याति पाई है। लेकिन आज हम आपको उन कलाकारों के बारे में बताने जा रहे हैं जो मूल रूप से हैं तो भारतीय लेकिन उनके माता-पिता या फिर वे खुद ही विदेश में जाकर बस गए और उन्होंने हॉलीवुड फिल्मों में काम कर अपनी एक खास जगह बनाई। इन एक्टर्स ने हॉलीवुड में वो मुकाम हासिल किया जिसका सपना हर बॉलीवुड का कलाकार देखता है। इस आर्टिकल में हम आपको भारतीय मूल के उन कलाकारों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने विदेशी फिल्मों में भी अपनी सफलता के झंडे गाड़े।
विज्ञापन

2 of 11
नवीन एंड्रयूज - फोटो : सोशल मीडिया
नवीन एंड्रयूज
नवीन एंड्रयूज एक ब्रिटिश अमेरिकन कलाकार हैं, उनका पूरा नाम नवीन विलियम सिडनी एंड्रयूज है। उनके माता-पिता निर्मला एंड्रयूज और स्टेनली एंड्रयूज दोनों केरल, भारत के मलयाली नसरानी निवासी थे। उनकी मां पेशे से एक सायकोलॉजिस्ट और पिता बिज़नेसमैंन थे। नवीन का जन्म लंदन के लैम्बेथ में 17 जनवरी 1969 में हुआ और उनका पालन-पोषण वैंड्सवर्थ में ईसाई धर्म के मेथोडिस्ट संप्रदाय में हुआ। अभिनेता के रूप में नवीन एंड्रयूज ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार 'द इंग्लिश पेशेंट 'में जूलियट बिनोचे के सिख बॉयफ्रेंड किप के किरदार निभाकर सबका ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने विभिन्न फिल्मों जैसे माइटी जो यंग, अ क्वेश्चन ऑफ फेथ और प्रेजुडाइस सहित कई फिल्मों में काम किया। साल 2004 में ऐतिहासिक टीवी सीरीज़ 'लॉस्ट' में मुख्य भूमिका निभाने के बाद वो संयुक्त राज्य अमेरिका के घर-घर में मशहूर हो गए। इसके अलावा उन्होंने रॉबर्ट रोड्रिग्ज की प्लेनेट टेरर और जोडी फोस्टर की द ब्रेव वन जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं हैं।
विज्ञापन

3 of 11
मिंडी कलिंग - फोटो : सोशल मीडिया
मिंडी कलिंग
मिंडी कलिंग के नाम से मशहूर वेरा मिंडी चोकलिंगम पेशे से एक अमेरिकन अभिनेत्री होने के साथ-साथ हास्य कलाकार, लेखिका, निर्माता और निर्देशक हैं। वेरा मिंडी चोकलिंगम का जन्म कैम्ब्रिज, मैसाचुसेट्स में,अवू चोकलिंगम और स्वाति चोकलिंगम के घर में हुआ था। मिंडी के माता-पिता भारत से हैं। इनके माता पिता की मुलाकात नाइजीरिया के एक अस्पताल में हुई थी। उनके पिता मद्रासी थे और चेन्नई के थे और माता बंगाली थीं जो मुंबई में पली-बड़ी थीं। साल 1979 में मिंडी के माता-पिता को संयुक्त राज्य अमेरिका की नागरिकता मिल गई और उसी साल मिंडी कलिंग का अमेरिका में जन्म हुआ। मिंडी कलिंग के काम की बात करें तो साल 2012 में, वेरा मिंडी चोकलिंगम ने द मिंडी प्रोजेक्ट नामक फॉक्स के लिए सिंगल-कैमरा कॉमेडी पेश की, जिसे कलिंग द्वारा लिखा और निर्मित किया गया था। लेकिन मिंडी को जो मुख्य पहचान मिली वो उनकी एनबीसी सिटकॉम 'द ऑफिस' से मिली जिसमें उन्होंने केली कपूर का किरदार निभाया था।साल 2005 में वे टीवी शो कर्ब यॉर इंथ्यूजियासम में रिचर्ड लुईस की असिस्टेंट की भूमिका में नजर आईं। 

4 of 11
सेंथिल राममूर्ति - फोटो : सोशल मीडिया
सेंथिल राममूर्ति
सेंथिल राममूर्ति एक अमेरिकन अभिनेता हैं। उनका जन्म 17 मई 1974 में शिकागो में एक हिन्दू परिवार में हुआ। उनके पिता कन्नड़ और मां तमिलियन हैं। उनके माता-पिता दोनों ही पेशे से फिज़ीशियन हैं। हिट यूएस ड्रामा सीरीज़ 'हीरोज़' के मशहूर सितारों में से एक, इस अभिनेता ने उसमें जनन-विज्ञा मोहिंदर सुरेश की भूमिका निभाई थी। राममूर्ति अमेरिका के घर- घर में एक प्रसिद्ध नाम हैं। उनका नाम दो बार पीपुल मैगज़ीन की वार्षिक '100 सबसे सुंदर' लोगों की सूची में दर्ज हुआ है।
विज्ञापन

5 of 11
आर्ची पंजाबी - फोटो : सोशल मीडिया
आर्ची पंजाबी
आर्ची भारतीय मूल की एक ऐसी अभिनेत्री हैं जिन्होंने विदेश में रहकर अपनी एक खास पहचान बनाई है। समीक्षकों के द्वारा सराहनीय ईस्ट इज़ ईस्ट से उन्होंने अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा वे जॉन ले कैर की द कॉन्सटेंट गार्डनर में दिखाई दीं, जिसे बाफ्टा के लिए भी नामांकित किया गया था और ये फिल्म एक ऑस्कर जीतने में भी कामयाब रही। उन्हें द गुड वाइफ में कलिंदा शर्मा के रूप में जाना जाता है। इसके लिए उन्हें तीन बार एमी पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था। आर्ची पंजाबी सिंधी हैं, उन्होंने अपने जीवन का एक हिस्सा मुंबई में बिताया है। हालांकि उन्होंने बॉलीवुड का रुख न करके हॉलीवुड को चुना लेकिन बावजूद इसके वो खुद को मुंबईवासी ही मानती हैं और उन्हें भारत से बहुत अधिक प्रेम है।
विज्ञापन

6 of 11
काल पेनी - फोटो : सोशल मीडिया
काल पेनी
काल पेनी एक अमेरिकन अभिनेता और बराक ओबामा शासन में व्हाइट हाउस के पूर्व कर्मचारी रह चुके हैं। उनका पूरा नाम कल्पेन सुरेश मोदी है। काल पेनी एक गुजराती परिवार से तालुक्क रखते हैं। उनके पिता सुरेश मोदी कायरा से हैं और पेशे से इंजीनियर है और माता अस्मिता भट्ट बड़ोदरा में जन्मी हैं। काल पेनी का जन्म न्यू जर्सी के मोंटक्लेयर में गुजराती भारतीय परिवार में हुआ था। वह अक्सर बचपन में अपने परिवार के साथ गुजरात में छुट्टियां बिताने आया करते थे इसलिए अंग्रेजी के अलावा उनकी गुजराती भी काफी अच्छी है। एक अभिनेता के रूप में, टेलीविज़न में उन्होंने अपनी एक अलग जगह बनाई है। लॉरेंस कुटनर की भूमिका के अलावा वह हेरोल्ड एंड कुमार फिल्म सीरीज़ में अपने कुमार पटेल के किरदार के लिए भी काफी प्रसिद्ध हुए। उन्हें फिल्म द नेमसेक में उनके प्रदर्शन के लिए भी जाना जाता है। काल पेनी अमेरिकन होने के बावजूद भी अपने भारतीय आदर्शों का पालन करते हैं और वह पूर्ण रूप से शाकाहारी हैं।
विज्ञापन

7 of 11
कुणाल नय्यर - फोटो : सोशल मीडिया
कुणाल नय्यर
कुणाल नय्यर एक ब्रिटिश अभिनेता है। नय्यर का जन्म पश्चिमी लंदन के हाउंस्लो में भारतीय परिवार में हुआ था। जब वो 4 साल के थे तो उनका परिवार भारत लौट आया था और उनकी आगे की शिक्षा-दीक्षा पालन-पोषण दिल्ली में ही हुआ। लेकिन अपनी आगे की पढ़ाई पूरी करने के लिए कुणाल संयुक्त राज्य अमेरिका चले गए। हालांकि उनके माता-पिता दिल्ली में ही रहते हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका में रहकर उन्होंने अभिनय की शिक्षा लेनी शुरू कर दी और अपनी डिग्री लेने के दौरान ही उन्होंने अपने स्कूल में कई नाटकों में हिस्सा लिया। अमेरिकन कॉलेज थिएटर फेस्टिवल में भाग लेने के बाद, नैयर ने अभिनेता बनने का फैसला किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद नैयर को अमेरिकी टेलीविजन विज्ञापनों और नाटकों में काम मिला। साल 2006 में उन्होंने पहली बार अमेरिका में राजीव जोसेफ के नाटक 'हक एंड होल्डन' में अपनी भूमिका से सबका ध्यान आकर्षित किया। नैयर ने सीबीएस नाटक 'एनसीआईएस' के चौथे सीज़न के एक एपिसोड "सस्पिशन" में गेस्ट भूमिका निभाई थी, जिसमें उन्होंने एक इराकी आतंकवादी यूसुफ जिदान का किरदार निभाया था। फोर्ब्स ने नैयर को 2015 और 2018 में दुनिया के तीसरे सबसे अधिक फीस पाने वाले टेलीविजन अभिनेता के रूप में सूचीबद्ध किया, जिसमें क्रमशः यूएस $20 मिलियन और US$23.5 मिलियन की कमाई हुई थी।

8 of 11
सूरज शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
सूरज शर्मा
सूरज शर्मा एक भारतीय अभिनेता हैं लेकिन उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2012 में आई ब्लॉकबस्टर हॉलीवुड फिल्म 'लाइफ ऑफ़ पाय' से की थी। इस फिल्म का निर्देशन एंग ली द्वारा किया गया था। इस फिल्म में उन्हें अपनी भूमिका के लिए दुनिया भर से सरहाना मिली थी। सूरज का जन्म, भारत में एक मलयाली परिवार में हुआ था। उनके पिता गोकुल चुराई एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनकी मां शैलजा शर्मा पलक्कड़ केरल में एक अर्थशास्त्री हैं। हालांकि यह अभिनेता भारतीय हैं लेकिन इनको प्रसिद्धि बॉलीवुड में नहीं बल्कि हॉलीवुड में मिली। लाइफ ऑफ़ पाय के अलावा मिलियन डॉलर आर्म, बर्न योर मैप्स, उमरिका और वह लोकप्रिय सीरीज़ होमलैंड का भी हिस्सा रहे हैं। उन्हें साल 2012 में लॉस वेगास फिल्म क्रिटिक सोसाइटी से सम्मानित किया गया था।

9 of 11
मौलिक पंचोली - फोटो : सोशल मीडिया
मौलिक पंचोली
मौलिक पंचोली का जन्म ओहियो के डेटन में हुआ था। वह एक गुजराती परिवार से ताल्लुक रखते हैं। मौलिक पंचोली का पूरा नाम मौलिक नवीन पंचोली है और उनका जन्म 18 जनवरी 1974 को हुआ था। मौलिक पेशे से एक अमेरिकन अभिनेता और लेखक हैं। यह 42 वर्षीय अभिनेता को फिनीस और फर्ब में बलजीत तजिंदर, व्हिटनी के पहले सीज़न में नील और वेड्स और संजय और क्रेग में उन्हें संजय पटेल के रूप में ख्याति मिली। अपनी दिलचस्प कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर इस अभिनेता ने 27 ड्रेसेस, हिच, फ्रेंड्स विद मनी और हॉरिबल बॉस जैसी यादगार फ़िल्में दी हैं। उनका पहला उपन्यास 'द बेस्ट एट इट' एक समलैंगिक, भारतीय अमेरिकी लड़के के अपने बारे में खुलकर बताने पर आधारित है।

10 of 11
नूरीन डीवुल्फ़ - फोटो : सोशल मीडिया
नूरीन डीवुल्फ़
डीवुल्फ़ के नाम से मशहूर भारतीय मूल की अभिनेत्री नूरीन का जन्म न्यूयॉर्क में एक गुजराती मुस्लिम परिवार में हुआ। नूरीन हॉलीवुड में काम करने वाली भारतीय मूल की सबसे प्रसिद्ध और बोल्ड अभिनेत्रियों में से एक हैं। नूरीन को उनके बोल्ड किरदार और उनके गुस्से के कारण जाना जाता है। उन्हें घोस्ट्स ऑफ़ गर्लफ्रेंड्स पास्ट, वेस्ट बैंक स्टोरी, द बैक-अप प्लान आदि जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। इसके अलावा सीएसआई: एनवाई, 90210 और आउटसोर्स जैसी हिट टेलीविजन सीरीज़ ने भी उन्हें काफी प्रसिद्धि दिलाई।
विज्ञापन

11 of 11
इंदिरा वर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
इंदिरा वर्मा
भारतीय मूल की ब्रिटिश अभिनेत्री इंदिरा वर्मा को वास्तविक पहचान मीरा नायर के कामसूत्र: अ टेल ऑफ लव से मिली थी, इंदिरा के पिता भारतीय और माता इटैलियन थीं। इस ब्रिटिश अभिनेत्री ने कई बेहतरीन फ़िल्में देकर हॉलीवुड में अपना एक अलग स्थान बनाया है। आज के समय में हॉलीवुड की बड़ी अभिनेत्रियों में इनका नाम लिया जाता है।  ब्राइड एंड प्रेज्यूडाइज़ और बेसिक इंस्टिंक्ट 2 में उन्होंने अपनी भूमिका के लिए काफी सरहाना पाई। इंदिरा वर्मा द कैंटरबरी टेल्स और गेम ऑफ थ्रोन्स जैसी हॉट टीवी सीरीज का भी हिस्सा रही हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें