रिलीज के पहले हफ्ते से ही बैकफुट पर चले निर्देशक अमर कौशिक के ‘भेड़िया’ ने वरुण धवन की सोलो हीरो की ब्रांडिंग पर गहरा असर डाला है। इस फिल्म का पूरा प्रचार वरुण धवन के आभामंडल के इर्द गिर्द ही रखा गया लेकिन फिल्म की कहानी के असल मकसद का खुलासा दर्शकों के बीच देर से होने से फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। करीब 80 से 85 करोड़ रुपये के मेकिंग, प्रचार और रिलीज बजट के साथ सिनेमाघरों में उतरी इस फिल्म का पहले हफ्ते का कलेक्शन इतना खराब रहा कि ये फिल्म वरुण धवन की अब तक की गई कुल 15 फिल्मों की टॉप 10 लिस्ट में भी शामिल नहीं हो सकी है।