‘अभी तक वह नागेश्वर राव था, अब वह टाइगर बन गया है!’ तेलुगु में बनी फिल्म ‘टाइगर नागेश्वर राव’ के हिंदी ट्रेलर का ये संवाद ही इस फिल्म का असल लब्बोलुआब है। उत्तर भारत में तो लोगों को ज्यादा नहीं पता लेकिन दक्षिण में नागेश्वर राव का नाम बच्चा बच्चा जानता है, कुछ कुछ वैसे ही जैसे कभी चंबल के डकैतों के नाम कुख्यात थे। टाइगर नागेश्वर राव अपने समय की एक किंवदंती रहा है। एक ऐसा शातिर चोर जिसने जब चाहा, जैसे चाहा और जहां चाहा, अपने हिसाब से बड़ी बड़ी चोरियां की और जब भी पुलिस की पकड़ में आया। किसी न किसी बहाने भाग निकला। उसे अपने चोरी के इस हुनर पर इतना गुमान था कि इसे साबित करने के लिए उसने प्रधानमंत्री की एक निजी वस्तु तक की चोरी कर डाली।