सुशांत सिंह राजपूत हमारे बीच नहीं है, इस वाक्य को कहते हुए एक साल पूरे होने वाले हैं लेकिन आज भी इस बात पर यकीन नहीं होता है। हंसता, मुस्कुराता, सितारों की दुनिया को अपने कमरे से देखने वाला एक नौजवान अभिनेता हम सबको छोड़कर किसी और दुनिया में चला गया, इस बात को हजम कर पाना आसान नहीं है। सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में फांसी लगा ली थी। उनके निधन की वजह खुलकर तो सामने नहीं आ पाई, लेकिन दावे बहुत से किए गए। सुशांत अवसाद से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था, लेकिन वो अपनी जिंदगी ही खत्म कर लेंगे ये किसी ने नहीं सोचा होगा।
आखिरी पोस्ट में छिपा था जीवनभर का दर्द
सुशांत सिंह राजपूत सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते थे, लेकिन उनके ज्यादातर पोस्ट चांद, सितारे, ग्रहों के बारे में होते थे। हालांकि उनके जीवन का आखिरी पोस्ट उनकी मां के लिए था। अपनी मां को याद करते हुए सुशांत ने बहुत ही गंभीर बातें लिखी थीं जो उस वक्त तो किसी को समझ नहीं आईं, लेकिन उनके निधन के बाद इसका मर्म समझ आया था। इस पोस्ट के जरिए एक तरह से उन्होंने अपने जीवन को खत्म करने की बात का इशारा दे दिया था।