बीते एक दशक से एक हिट फिल्म का इंतजार कर रहे अभिनेता सनी देओल ने अपने करियर की बागडोर अब सुपरहिट फिल्म निर्देशक आर बालाकृष्णन उर्फ आर बाल्की के हाथों में सौंप दी है। यह वही फिल्म है जिसकी शूटिंग शुरू करने के लिए बाल्की पिछले कई महीनों से मेहनत करते रहे हैं और जिसके हीरो के रूप में दुलकर सलमान का नाम सबसे पहले इसी साल जनवरी में सामने आया था। अपनी इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने को लेकर बाल्की काफी उत्साहित हैं। ये फिल्म एक थ्रिलर होगी और बाल्की के करियर की ऐसी पहली फिल्म भी होगी। बाल्की कहते भी हैं कि इस श्रेणी की फिल्म बनाने का प्रयास उन्होंने पहले कभी नहीं किया। इस थ्रिलर का पूरा दारोमदार वह इसके कलाकारों पर टिका बताते हैं। अब तक आर बाल्की की इस फिल्म का नाम फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन अब ये तय हो चुका है कि इस फिल्म में दुलकर सलमान के साथ सनी देओल, श्रेया धनवंतरि और पूजा भट्ट भी दिखाई देंगी।