अक्षय कुमार, कटरीना कैफ, रणवीर सिंह और अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘सूर्यवंशी’ के रिलीज के 10 दिन में बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा छू लेने से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री खासी उत्साहित है। महीनों से सिनेमाघरों से दूर रहे दर्शकों ने सिनेमाघरों में मेगा बजट मल्टी स्टारर फिल्मों की वापसी पर भरपूर प्यार लुटाया है। इस हफ्ते रिलीज होने जा रही फिल्म 'बंटी और बबली 2’ पर भी इसके चलते बॉक्स ऑफिस पर बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव बना है। फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की 150 करोड़ रुपये की कमाई के आंकड़ों का अगर देश में फिल्म वितरण क्षेत्रों के हिसाब से विश्लेषण करें तो चौंकाने वाला तथ्य ये है कि इस फिल्म ने मुंबई और महाराष्ट्र, दिल्ली-उत्तर प्रदेश और ईस्ट पंजाब से ज्यादा कारोबार गुजरात और सौराष्ट्र फिल्म वितरण क्षेत्र में किया है। हिंदी सिनेमा के हिसाब से दर्शकों का ये एक नया रुझान है। कोरोना संक्रमण काल के पहले तक आमतौर पर हिंदी फिल्में मुंबई व महाराष्ट्र वितरण क्षेत्र में ही सबसे ज्यादा कारोबार करती रही हैं।