शालिनी पांडे
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
’किरदार वही जो दिल को छू ले’
शालिनी को उम्मीद है कि हिंदी सिनेमा के दर्शकों का ढेर सारा प्यार उन्हें मिलेगा। उनके मुताबिक फिल्म में सब कुछ बहुत ही सही तरीके से किया गया है और ये पूरे परिवार का सामूहिक मनोरंजन करने वाली फिल्म है। वह कहती हैं, ‘इस फिल्म के लिए मैंने अपनी सारी ताकत झोंक दी है। मैं बस यही उम्मीद करती हूं कि मैंने जो मेहनत की है, लोग उसे पसंद करें। मैं बचपन से ही अभिनेत्री ही बनना चाहती थी। लोगों को अलग-अलग परिस्थितियों में देखकर मैंने अभिनय की बारीकियां सीखी हैं। किसी किरदार को जीने का मेरा अपना तरीका है। पहले मैं उस किरदार की तरह सामान्य जीवन में व्यवहार करना सीखती हूं। उसका अंदाज अपनाने की कोशिश करती हूं और इसमें सब कुछ शामिल है। चाहे फिर वह हाथ का इशारा हो, चलने फिरने का अंदाज हो, बात करने का तरीका हो, खाना खाने का तरीका हो, सांस लेने का तरीका हो, ये सब मैं कैमरे के सामने जाने से पहले खुद में उतार लेती हूं। मुझे हमेशा से ऐसे किरदार भाते रहे हैं, जो मजबूत हों और दिल को छू लें।’