हाल ही में ईद के मौके पर सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'राधे योर मोस्ट वॉन्टेड भाई' ओटीटी प्लेटफॉर्म जी प्लेक्स पर रिलीज की गई। इसके रिलीज होते ही पाइरेसी का मुद्दा खड़ा हो गया है। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी क्रेज देखा गया, जिसका असर यह हुआ कि रिलीज के तुरंत बाद ही जी प्लेक्स का सर्वर तक क्रैश हो गया था। वहीं ओटीटी ने अपना सालाना सब्सक्रिप्शन और फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ की टिकट का खर्चा जोड़कर एक कॉम्बो ऑफर लॉन्च किया था। इसका मतलब है कि जो भी जी सिनेप्लेक्स पर ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ देखने के लिए भुगतान करेगा, वो इसके साथ सालभर तक जी5 पर उपलब्ध सामग्री देख सकता है।लेकिन कुछ यूजर्स ऐसे भी हैं, जो पाइरेटेड साइट्स के जरिए फिल्म देखने की कोशिश में लगे हैं। इसको लेकर सलमान खान ने उन्हें नसीहत दी थी। अभिनेता ने एक ट्वीट के जरिए लोगों से फिल्म को पाइरेटेड साइट्स पर नहीं देखने की अपील की थी और कहा था कि यदि अब भी कोई ऐसा करेगा तो साइबर सेल उन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगा और कार्रवाई भी की जाएगी। अब इसको लेकर नई जानकारी सामने आई है कि सलमान खान के मैनेजर ने फिल्म की पाइरेसी करने वालों के खिलाफ मुंबई के साइबर पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।