मामी मुंबई फिल्म फेस्टिवल 2024 की शानदार शुरुआत 19 अक्तूबर को हुई। वहीं, 24 अक्तूबर को पीवीआर आईनॉक्स, जुहू, मुंबई में कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। समारोह को दर्शकों, फिल्म निर्माताओं और इंडस्ट्री से जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिली। महोत्सव में 50 से अधिक भाषाओं में 45 से अधिक देशों की 110 से अधिक फिल्में प्रदर्शित की गईं। वहीं, कार्यक्रम का समापन भी बेहद बेहतरीन रहा। फिल्म निर्माता अमित दत्ता की एनीमेशन फिल्म 'रिदम ऑफ ए फ्लावर' ने मामी मुंबई फिल्म फेस्टिवल का गोल्डन गेटवे अवार्ड जीता, जो इस कार्यक्रम का शीर्ष पुरस्कार है। यह फिल्म भारतीय शास्त्रीय गायक कुमार गंधर्व के जीवन पर आधारित एक बायोपिक है।