फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parveen Babi: ‘टाइम’ कवर पर छपने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री, इन 10 किरदारों ने बदली हीरोइन की सूरत

Sun, 04 Apr 2021 08:34 AM IST
shrilata biswas अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 11
परवीन बाबी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
70 और 80 के दशक की हिंदी फिल्मों की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्रियों में से एक परवीन बाबी मात्र 50 साल की उम्र तक ही अपने करियर को चोटी तक ले जाने के बाद 20 जनवरी 2005 को ही इस दुनिया से अलविदा हो गईं। फिल्म इंडस्ट्री को उन्होंने कोई 18 से 19 साल दिए थे और इतने ही वक्त में उन्हें हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे महंगी अभिनेत्रियों में गिना जाने लगा। परवीन की छवि और काम अनोखा था। वह अपनी समकालीन अभिनेत्रियों से अलग थीं और फिल्मों के निर्माता उन्हें कोई भोली भाली लड़की या फिर किसी गांव की गोरी का किरदार देने में हिचकिचाते थे। उसका कारण यह था कि परवीन पश्चिमी सभ्यता से प्रेरित किरदारों के लिए मशहूर थीं। उन्होंने मशहूर टाइम मैगजीन के कवर पर छपने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनने का तमगा भी हासिल किया। आज परवीन की पुण्यतिथि पर हम आपको उनके बेहतरीन किरदारों के बारे में बताते हैं।
विज्ञापन

2 of 11
परवीन बाबी- फिल्म मजबूर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : नीलू
फिल्म : मजबूर (1974)

परवीन बाबी ने अपना मॉडलिंग करियर वर्ष 1972 में शुरू किया और अगले ही साल वर्ष 1973 की फिल्म 'चरित्र' से फिल्मों में कदम भी रख दिया। हालांकि, इस फिल्म से उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी। फिर वर्ष 1974 में आई फिल्म 'मजबूर' में परवीन को पहली बार पिछली सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ देखा गया। इस फिल्म का निर्देशन रवि टंडन ने किया और परवीन के किरदार का नाम रहा नीलू। परवीन का इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में बहुत ज्यादा काम तो नहीं था लेकिन यहीं से फिल्मकारों ने उन पर ध्यान देना शुरू कर दिया था। परवीन को इसी की तो जरूरत थी। अमिताभ बच्चन और परवीन की दोस्ती भी यहीं से शुरू होती है।
विज्ञापन

3 of 11
दीवार - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : अनीता
फिल्म : दीवार (1975)

फिर जब परवीन बाबी को अमिताभ बच्चन के साथ वर्ष 1975 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दीवार' में देखा गया तो इसके बाद उनकी दुनिया ही पलट गई। यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में परवीन ने अनीता का किरदार निभाया है। वह सिगरेट पीती है। शराब पीती है। लोगों को उसमें बदलते दौर की नई स्त्री दिखी और इस किरदार ने उनके लाखों दीवाने पैदा कर दिए। फिल्म में परवीन बाबी का दुल्हन वाला गेटअप अरसे तक चर्चा में रहा और परवीन बाबी ने उस सीन को दिल से लगा लिया था।

4 of 11
अमर अकबर एंथनी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : जेनी
फिल्म : अमर अकबर एंथनी (1977)

अमिताभ बच्चन के साथ परवीन बाबी की एक बार फिर से जोड़ी बनी मनमोहन देसाई की मसाला फिल्म 'अमर अकबर एंथनी' में। ये वह दौर था जब परवीन के अफेयर्स के किस्से गॉसिप मैगजीनों में खूब छपने लगे थे। यहां एंथनी का किरदार अमिताभ बच्चन ने निभाया और परवीन नजर आईं जेनी के रूप में। परवीन ने फिल्मों में काम खूब किया लेकिन कभी उन्हें अपने काम के लिए पुरस्कार नहीं मिले। इसका कारण यह रहा कि उनके किरदारों में साहस तो बहुत होता लेकिन नयापन नहीं। फिल्मकारों के हिसाब से परवीन पाश्चात्य संस्कृति वाली वेशभूषा और उसी तरह के किरदारों में ही जचती थीं। ठीक वैसा ही किरदार उनको इस फिल्म में भी मिला।
विज्ञापन

5 of 11
सुहाग - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : अनु
फिल्म : सुहाग (1979)

परवीन बॉबी की जिंदगी पर्दे पर जितनी चर्चा में रही उतनी ही चर्चा में उनकी निजी जिंदगी भी रही। उनका नाम शुरुआत में जोड़ा गया डैनी डेंजोंगपा के साथ। चार साल तक इनके संबंध रहे, फिर बाद में परवीन के चर्चे अभिनेता कबीर बेदी के साथ रहे। जब मनमोहन देसाई ने वर्ष 1979 की फिल्म 'सुहाग' में परवीन को एक किरदार ऑफर किया तो उन्होंने मना कर दिया। परवीन का कहना था कि वह कबीर बेदी के साथ यूरोप जा रही हैं और पता नहीं कि कब लौटेंगी? मनमोहन फिर भी इंतजार करने के लिए तैयार थे क्योंकि परवीन के लायक ही एक किरदार उनकी फिल्म में था। जब छह महीने बाद परवीन की वापसी हुई तो उन्होंने मनमोहन से अपने किरदार के बारे में बात की और मनमोहन ने उन्हें फौरन साइन कर लिया। इस एक्शन ड्रामा फिल्म में परवीन का किरदार अनु का है और उनकी जोड़ी शशि कपूर के साथ बनी।
विज्ञापन

6 of 11
काला पत्थर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : अनीता
फिल्म : काला पत्थर (1979)

वर्ष 1979 में ही रिलीज हुई फिल्म 'काला पत्थर' में परवीन बाबी की जोड़ी एक बार फिर से बनी शशि कपूर के साथ। यश चोपड़ा के निर्माण और निर्देशन में बनी यह एक एक्शन ड्रामा फिल्म रही जिसने बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। हालांकि, समीक्षकों से इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली। फिल्म में शशि कपूर, अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, राखी, परवीन बाबी, नीतू सिंह, प्रेम चोपड़ा जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में रहे। परवीन ने फिल्म में अनीता का किरदार निभाया है। इस किरदार को वैसे अभिनेत्री पूनम ढिल्लों निभाने वाली थीं लेकिन यश चोपड़ा को लगा कि पूनम बहुत छोटी दिखती हैं। इस चक्कर में उन्होंने परवीन को ही सही समझा।
विज्ञापन

7 of 11
द बर्निंग ट्रेन - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : शीतल विनोद वर्मा
फिल्म : द बर्निंग ट्रेन (1980)

वर्ष 1980 में रवि चोपड़ा ने जब धर्मेंद्र, विनोद खन्ना, जीतेंद्र, हेमा मालिनी, परवीन बाबी, नीतू सिंह, डैनी डेंजोंगपा जैसे बड़े-बड़े कलाकारों की फौज लेकर एक फिल्म 'द बर्निंग ट्रेन' बनाई तो इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी तहलका मचाया और समीक्षकों को भी प्रभावित किया। इस फिल्म में परवीन की जोड़ी बनी विनोद खन्ना के साथ और हकीकत में उनका नाम जुड़ गया था डैनी डेंजोंगपा के साथ। और फिर यह नाम चार साल तक जुड़ा रहा। यह फिल्म एक एक्शन थ्रिलर है जिसमें डैनी, विनोद खन्ना और परवीन के किरदारों के बीच लव ट्रायंगल बनता है।

8 of 11
शान - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : सुनीता
फिल्म : शान (1980)

परवीन बाबी की जोड़ी अमिताभ बच्चन के साथ फिर से बनी रमेश सिप्पी के निर्देशन में वर्ष 1980 की फिल्म 'शान' में। यहां परवीन का किरदार एक ग्लैमरस चोर सुनीता का है जो सामान के साथ लोगों का दिल भी चुराती है। परवीन को नर्वस होने की वजह से दौरे पड़ने की बीमारी थी। और उन्हें पहला दौरा इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान पड़ा था। वह फिल्म के एक गीत की शूटिंग ही पूरी कर पाई थी, तब तक उन्हें दौरा पड़ गया। फिल्म के निर्देशक रमेश सिप्पी ने उनके हिस्से को फिल्म के लिए तब शूट किया जब परवीन अमेरिका से अपना इलाज करवाकर वापस लौट आई थीं।

9 of 11
क्रांति - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : सुरीली
फिल्म : क्रांति (1981)

वर्ष 1981 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'क्रांति' में परवीन का एक अलग अंदाज देखने को मिला। अब तक परवीन को भड़कीले किरदारों में ही देखा जाता रहा था लेकिन इस फिल्म में उन्हें दिखाया गया एक कबीले की छोरी सुरीली के रूप में। मनोज कुमार के निर्माण और निर्देशन में बनी इस फिल्म में जब देश अंग्रेजों के हवाले होता है और क्रांतिकारियों की कुछ योजनाओं के बीच में कुछ अड़चनें आती हैं तो सुरीली उन अड़चनों को हटाने के लिए सबसे बड़ी मुसीबत अपने सिर ले लेती है। इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म में दिलीप कुमार, मनोज कुमार, शशि कपूर, हेमा मालिनी, शत्रुघ्न सिन्हा, परवीन बॉबी, निरूपा रॉय और प्रेम चोपड़ा जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।

10 of 11
कालिया - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : शालिनी / रानी सिंह
फिल्म : कालिया (1981)

टीनू आनंद के निर्देशन में बनी एक्शन ड्रामा फिल्म 'कालिया' में परवीन बाबी एक बार फिर अमिताभ बच्चन के साथ रोमांस करती हुई नजर आईं। क्योंकि, अमिताभ का किरदार कालिया ज्यादातर वक्त जेल में ही बिताता है इसलिए परवीन के किरदार को भी पर्दे पर बहुत ज्यादा जगह नहीं मिली। उनका किरदार शालिनी फिल्म में लगभग एक घंटा गुजर जाने के बाद ही पर्दे पर दिखाई पड़ता है। अमिताभ और परवीन के अलावा आशा पारेख, कादर खान, अमजद खान और प्राण भी फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में हैं। वर्ष 1977 में फिल्म का मुहूर्त होने के बाद यह फिल्म 1981 में जाकर रिलीज हुई।
विज्ञापन

11 of 11
नमक हलाल - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार : निशा
फिल्म : नमक हलाल (1982)
परवीन बाबी की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल 'नमक हलाल' वर्ष 1982 में रिलीज हुई। इस फिल्म का निर्देशन प्रकाश मेहरा ने किया और फिल्म में अमिताभ बच्चन, शशि कपूर, स्मिता पाटिल और परवीन बाबी ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। यह एक कॉमेडी एक्शन ड्रामा फिल्म है जिसने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया। फिल्म में परवीन का किरदार एक डांसर निशा का है। दरअसल, रंजीत का किरदार रंजीत सिंह निशा को शशि कपूर के किरदार राजा को मारने की सुपारी देता है। हालांकि, निशा राजा को मार नहीं पाती और उल्टा प्रेम करने लगती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें