कभी निर्माता दिनेश विजन के साथ अपनी प्रोडक्शन कंपनी इलुमिनाटी फिल्म्स शुरू करने वाले अभिनेता सैफ अली खान ने अपनी चार साल पहले खोली नई प्रोडक्शन कंपनी 'ब्लैक नाइट फिल्म्स' पर फिर से फोकस करने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक 'ब्लैक नाइट फिल्म्स' अगले साल एक रोमांचक फिल्म शुरू करने जा रही है। इस फिल्म की कहानी जंगलों में भटके एक फौजी के संघर्ष की कहानी है। विश्व सिनेमा में विकट परिस्थितियों में फंसे इंसानों के जीवित बचे रहने के लिए प्रकृति से जूझने की कहानियां बहुत लोकप्रिय रही हैं। सैफ की ये नई फिल्म भी उसी श्रेणी की फिल्म बताई जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता विनोद कापड़ी करेंगे।