‘अगला कदम जो तुम लेने वाली हो, वह सिर्फ तुम्हारा कदम नहीं है, ये इस धरती पर मौजूद हर उस छोटी सी लड़की का कदम होगा जो तुम्हारी तरह ही अश्वेत है।’ अभिनेता विल स्मिथ जब ये संवाद अंग्रेजी में परदे पर अपनी टेनिस खिलाड़ी बेटी से बोलते हैं, तो ट्रेलर होने के बावजूद पूरी फिल्म का खाका आंखों के सामने खिंच जाता है। फिल्म का नाम है ‘किंग रिचर्ड’। रिचर्ड विलियम्स नामक उस पिता की कहानी जिसने अपनी बेटियों के जन्म से पहले ही 78 पेज का उनका पूरा करियर प्लान लिख डाला था। ट्रेलर शानदार है। इसके संवाद जानदार हैं और विल स्मिथ की अदाकारी में फिर एक बार धार है। इस बार फिल्म में उनकी कलाकारी का ग्राफ कुछ कुछ आमिर खान जैसा है, फिल्म ‘दंगल’ में। अपने सपने अपनी बेटियों में तलाशता एक जिद्दी बाप। यही कहानी है किंग रिचर्ड की।