राजस्थान के ओजस्वी राजा पृथ्वीराज चौहान पर बन रही यशराज फिल्म्स की फिल्म के नाम को लेकर विवाद की स्थिति बनती दिख रही है। यशराज फिल्म्स ने अभिनेताओं में नंबर वन ब्रांड अक्षय कुमार और पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर को लेकर एक फिल्म बनाई है। इस फिल्म का नाम है, ‘पृथ्वीराज’। करणी सेना को ये नाम मंजूर नहीं है, उनकी मांग है कि फिल्म का नाम इस राजा के सम्मान और प्रतिष्ठा के अनुसार रखा जाए। मुंबई पुलिस कमिश्नर को लिखे अपने पत्र के बारे में जानकारी देते हुए श्री राजपूत करणी सेना के मुंबई अध्यक्ष दिलीप राजपूत ने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान के मामले में कोई समझौता बर्दाश्त नही किया जाएगा। सम्राट पृथ्वीराज चौहान राष्ट्र गौरव है और हमारी अस्मिता के प्रतीक हैं। उनकी जीवनी पर बन रही फिल्म को सम्मानजनक नाम दिया जाना जरूरी है। फिल्म का अभी जो नाम है वह इतने बड़े सम्राट की उपेक्षा और अपमान है।