कंगना रणौत अपने बेबाक और बिंदास अंदाज के साथ-साथ विवादित बयान के लिए भी बखूबी जानी जाती हैं। पंगा गर्ल किसी से भी पंगा लेने से पीछे नहीं रहती हैं। खुलकर हर मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं। भले ही उनका ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया हो, अब कंगना अन्य सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। आए दिन फेसबुक और इंस्टाग्राम से नए-नए पोस्ट साझा करती रहती हैं। हाल ही में कंगना अपने मुंबई स्थित टूटे हुए दफ्तर को देखने पहुंची थीं। जिसे अवैध निर्माण करार देते हुए बीएमसी ने तोड़फोड़ मचा दी थी। अब उसमें रेनोवेशन का काम चल रहा है, उसी का जायजा लेने कंगना वहां पहुंची थीं। इसी बीच कंगना एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। इस बार चर्चा में आने की वजह उनका टैक्स ना भर पाना है।
क्या है मामला?
दरअसल, कोरोना ने सभी की कमर तोड़ कर रख दी है। एक ओर जहां लोग इस खतरनाक वायरस से अपनी जान बचाने में लगे हैं। वहीं कुछ लोगों का आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ा है। मनोरंजन जगत पर भी इसका काफी बुरा असर हुआ है। कई सेलेब्स काम ना होने की बात सामने रख चुके हैं। अब कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा है कि काम ना होने की वजह से वह बीते साल का आधा टैक्स नहीं भर पाई हैं।