भारत विरोधी बयान को लेकर विवादों में घिरे कॉमेडियन वीर दास एक बार फिर चर्चा में बने हुए हैं। हालांकि, इस बार चर्चा का विषय कोई विवादित बयान नहीं बल्कि एक पुरस्कार है। दरअसल, हाल ही में वीर दास न्यूयॉर्क में हुए इंटरनेशनल एमी अवार्ड्स में बतौर नामांकन शामिल हुए। इस दौरान वह भले ही पुरस्कार जीतने में असफल रहे, लेकिन इस पुरस्कार के लिए नामांकित होने पर उन्हें कई लोगों और सेलेब्स से बधाई मिल रही है।
इसी क्रम में अब मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने भी वीर दास को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। प्रियंका ने वीर को बधाई देने के लिए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी का सहारा लिया। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर वीर द्वारा जीते गए नामांकित पदक की एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “बधाई वीर दास, आपने हमें बहुत गौरवान्वित किया है!” वीर दास को उनके नेटफ्लिक्स कॉमेडी स्पेशल, वीर दास: फॉर इंडिया के लिए नामांकित किया गया था।