फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किस्सा: श्रीदेवी के शोज में बैकडांसर थीं गीता कपूर, जान्हवी के सेट पर मुलाकात की साझा की यादें

Fri, 21 May 2021 09:43 AM IST
विजयाश्री गौर अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 6
गीता कपूर, श्रीदेवी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
संघर्ष की कहानियों के बूते लोगों के दिलों में उतरने की कोशिश कर रहे डांस रियलिटी शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ की जज गीता कपूर इन दिनों खूब सुर्खियों में हैं। कभी मांग में सिंदूर भरकर सेट पर पहुंचने की वजह से तो कभी अपनी ज्ञान भरी बातों की वजह से। इन बातों में इस बार शूटिंग के दौरान वह सच भी निकलकर सामने आया जब गीता कपूर खुद दर्जनों की भीड़ में ग्रुप डांसर की तरह नाचा करती थीं और इन किस्सों के बीच सबसे भावुक किस्सा रहा दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी का।
विज्ञापन

2 of 6
श्रीदेवी, गीता कपूर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
डांस रियलिटी शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ की शूटिंग के दौरान इस बार लोगों को श्रीदेवी के गाने खूब देखने सुनने को मिले। शो के प्रतिभागियों ने श्रीदेवी के लोकप्रिय गानों पर इस बार शानदार प्रस्तुतियां देने के लिए जमकर तैयारी की। शूटिंग के दौरान श्रीदेवी की शोरील परदे पर चलाई गई और उनके गानों का एक मेडले भी चलाया गया। इस मेडले पर शो के प्रतिभागियों ने बहुत ही आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए।
विज्ञापन

3 of 6
लम्हे फिल्म के गाने मेरी बिंदिया में श्रीदेवी - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
शूटिंग के दौरान जिन गानों पर शो की प्रतिभागी फ्लोरिना अपने प्रशिक्षक तुषार के साथ नाचती दिखाईं दीं, उनमें अहम रहे, ‘मामा मिया’, ‘नैनों में सपना’, ‘हवा हवाई’, ‘खुदा गवाह’ और ‘मेरी बिंदिया’। इन गानों में श्रीदेवी की भावप्रवण आंखों से दर्शाए गए एहसास दिखाने की भी फ्लोरिना ने पूरी कोशिश की लेकिन उनको भी एहसास रहा है कि जिस अभिनेत्री की वह नकल करने की कोशिश कर रही हैं, उसे हिंदी सिनेमा की नंबर वन हीरोइन कहा जाता था। श्रीदेवी की कद काठी और खूबसूरती की मिसाल आज भी दी जाती है और दिव्या भारती को छोड़ दूसरी कोई अभिनेत्री उनके आसपास तक नहीं फटक सकी।

4 of 6
जस्टिस चौधरी के गाने मामा मिया में श्रीदेवी - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
शो के दौरान इसके जजों ने श्रीदेवी के गानों को लेकर काफी यादें साझा कीं। नृत्य में गुरु शिष्य परंपरा को लेकर भी बातें खूब हुईं। ज्यादातर बातें शिष्यों को समझाई गईं और शूटिंग के दौरान प्रतिभागियों को ये भी कहते सुना गया कि इन गुरुओं को भी अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप ही सार्वजनिक जीवन बिताना चाहिए। मलाइका अरोड़ा इस दौरान फ्लोरिना के नृत्य पर काफी चहकती दिखाईं दीं।
विज्ञापन

5 of 6
गीता कपूर - फोटो : Instagram
वहीं गीता कपूर को इस दौरान श्रीदेवी की खूब यादें आईं। स्क्रिप्ट के मुताबिक जब उन्हें श्रीदेवी की प्रशंसा करने को कहा गया तो वह बोलीं, ‘इतनी बड़ी हस्ती हैं श्रीदेवी जी कि उनके जीवन को इतने छोटे समय में सम्मान देना बहुत ही मुश्किल काम है। वो चांद की चांदनी बनकर हमें रोज छू जाती हैं।’ शो के मंच पर मौजूद बाकी लोगों ने भी श्रीदेवी के बारे में अपनी यादें साझा कीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
श्रीदेवी जान्हवी कपूर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इस दौरान गीता कपूर ने वह समय भी याद किया जब वह ग्रुप डांसर के तौर पर श्रीदेवी के स्टेज शोज में हिस्सा लिया करती थीं। वह बताती हैं, ‘ये उन दिनों की बात है जब मैंने अपने करियर की शुरूआत भर की थी और मैं उनके साथ बैकडांसर के तौर पर शोज में जाया करती थी। इस दौरान वह बहुत ही शांतचित्त और एकाग्र रहा करती थीं। फिर बरसों बाद उन्होंने मुझे एक दिन जान्हवी कपूर के सेट पर देखा। मुझे देखते ही वह मेरे पास आईं और मेरा हालचाल पूछा। महान लोगों की ये छोटी छोटी बातें ही उन्हें महान बनाती हैं। और, यह भी सीख देती हैं कि हम सफलता के किसी भी मुकाम पर क्यों न पहुंच जाएं लेकिन इस सफर के दौरान हमसफर रहे लोगों को कभी भूलना नहीं चाहिए।’
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें