गंगूबाई काठियावाड़ी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
आलिया भट्ट की फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में पहले दिन की ओपनिंग के हिसाब से सबसे ज्यादा कमाई दो साल पहले रिलीज हुई धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म ‘कलंक’ ने की। फिल्म ने 21.60 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेकर धमाल मचाया लेकिन फिल्म को पहले दिन ही दर्शकों ने नकार दिया और फिल्म पहले ही वीकएंड में सिर्फ 62.75 करोड़ रुपये कमाकर फ्लॉप घोषित हो गई। आलिया भट्ट की किसी फिल्म की सबसे कम ओपनिंग अब तक इम्तियाज अली निर्देशित हाईवे की रही जिसने पहले दिन 3.42 करोड़ रुपये कमाए थे। 10 करोड़ या उससे ज्यादा की ओपनिंग करने वाली आलिया भट्ट की फिल्मों में ‘उड़ता पंजाब’ (10.05 करोड़ रुपये), ‘बदरीनाथ की दुल्हनिया’ (12.25 करोड़ रुपये), ‘2 स्टेट्स’ (12.42 करोड़ रुपये), ‘शानदार’ (13.10 करोड़ रुपये), ‘गली ब्वॉय’ (19.40 करोड़ रुपये) और ‘कलंक’ (21.60 करोड़ रुपये) शामिल हैं। इन फिल्मों में ‘गली ब्वॉय’ के अलावा ‘2 स्टेट्स’ और ‘बदरीनाथ की दुल्हनिया’ ही उनकी हिट फिल्में रही हैं। ‘उड़ता पंजाब’ को इसकी लागत को देखते हुए औसत कामयाबी हासिल करने वाली फिल्म माना गया जबकि ‘शानदार’ और ‘कलंक’ आलिया की फ्लॉप फिल्मों की लिस्ट में शामिल हैं।