देश में एक बार फिर से कोरोना के केस बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में कई बॉलीवुड सेलेब्स भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। इन सेलेब्स की लिस्ट में अब महान गायिका लता मंगेशकर भी शामिल हो गई हैं। मशहूर गायिका लता मंगेशकर को कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण हैं। मुंबई के कैंडी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर्स ने बताया कि लता मंगेशकर को उम्र संबंधी भी समस्याएं हैं जिसका इलाज किया जा रहा है। उनकी भतीजी रचना ने कहा कि हमारी निजता का सम्मान करिए और उनके लिए प्रार्थना कीजिए। इससे पहले दिग्गज गायिका को नवंबर 2019 में सांस लेने में तकलीफ होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उड़िया सिनेमा से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता मिहिर दास का 64 साल का आयु में निधन हो गया। उन्होंने कटक शहर के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। अभिनेता मिहिर दास किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे और डायलिसिस पर थे। हालांकि उनकी मौत का कारण किडनी की समस्या नहीं थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल का दौरा पड़ने की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीएम नवीन पटनायक ने अभिनेता मिहिर दास के निधन पर शोक जताते हुए लिखा,"उनका निधन उड़िया सिनेमा उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति है।" दिग्गज अभिनेता मिहिर दास ने सन 1979 में फिल्म 'मथुरा विजय' से अपने अभिनय के करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद अपने करियर में उन्होंने मु ताचे लव कारुच्ची, लक्ष्मी प्रतिमा जैसी कई हिट फिल्में दी। हालांकि वे पिछले काफी समय से इंडस्ट्री से दूर थे। आखिरी बार मिहिर दास साल 2018 में आई फिल्म ओनली प्यार में नजर आए थे।
कबीर खान की फिल्म 'बजरंगी भाईजान' में मुन्नी का किरदार निभाने वाली हर्षाली मल्होत्रा को प्रतिष्ठित पुरस्कार 'भारत रत्न डॉक्टर अंबेडकर अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है। अभिनेत्री ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए दी है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीर साझा की हैं। इन तस्वीरों में वह अवॉर्ड लेती हुईं नजर आ रहीं हैं। हर्षाली लिखती हैं कि "श्री भगत सिंह कोश्यारी (महाराष्ट्र के राज्यपाल) से भारत रत्न डॉ अंबेडकर पुरस्कार पाकर धन्य हो गई हूं।" फोटो में वह सफेद और गुलाबी रंग का लहंगा पहने नजर आ रहीं हैं। उन्हें पुरस्कार मिलते देख उनके प्रशंसक बेहद खुश हैं।
बिग बॉस के घर में बहुत से जोड़े साथ आते हैं और शो के अंत तक बिछड़ भी जाते हैं। ऐसा ही एक जोड़ा गौहर खान और कुशाल टंडन का था। हालांकि गौहर ने अब शादी कर ली है। हाल ही में फिर एक बार ये जोड़ी सुर्खियां बटोर रही है। हाल ही में 'बिग बॉस 7' की विजेता गौहर खान ने उस सोशल मीडिया ट्रोलर्स को करारा दिया जिसने उनपर कुशाल टंडन से धर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश का आरोप लगाया था। एक रिपोर्ट के अनुसार कुशाल टंडन और गौहर खान के अलगाव की मुख्य वजह धर्म बताई जाती है। गौहर पर आरोप लगाए गए कि उन्होंने कुशाल पर उनका धर्म बदलने के लिए जोर दिया था और ऐसा न करने पर दोनों अलग हो गए। गौहर ने ट्विटर पर उसका जवाब देते हुए कहा, "हे लूजर, मैं मु्स्लिम हूं और कोई भी हमें अपने अधिकार को पाने से बैन नहीं कर सकता। इंडिया एक सेक्युलर देश है, यहां लोकतंत्र है, यहां कोई तानाशाही नहीं जैसा कि आप चाहते हैं। इसलिए आप अपने अमेरिकन स्टेटस में कम्फर्ट बने रहिए और हमारे देश में नफरत भड़काना बंद कर दीजिए।"
बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा की प्रीमैच्योर डिलीवरी हुई थी। उनके बेटे को कुछ वक्त के लिए एनआईसीयू में भी रहना पड़ा था। प्रेग्नेंसी के दौरान उन्हें अपेंडिक्स की शिकायत भी हो गई थी। धीरे-धीरे दीया को गंभीर बैक्टीरियल इंफेक्शन हो गया था जिसने सेप्सिस का रूप ले लिया था। यह दीया और बच्चे दोनों के लिए जानलेवा बन गया था। दीया का कहना था कि डॉक्टर ने वक्त पर सिजेरियन डिलीवरी कर के बच्चे की जान बचाई थी। गौरतलब है कि शादी के बाद दीया ने अप्रैल 2021 में अपनी गर्भावस्था की घोषणा करते हुए प्रशंसकों को सरप्राइज दिया था।
अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। देश के कई राज्यों में थियेटर्स बंद कर दिए गए हैं वहीं कुछ जगह 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोले गए हैं लेकिन बावजूद इसके पुष्पा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म ने रिलीज के 25वें दिन 1.10 करोड़ का कलेक्शन किया है। फिल्म के कलेक्शन की स्पीड देख कर अभी लगता नहीं है कि ‘पुष्पा’ का इरादा थमने या रुकने का है। पुष्पा फिल्म ने चौथे हफ्ते में सोमवार तक 81.58 करोड़ का बिजनेस कर लिया। वहीं भारत में फिल्म ने 23 दिनों में 250.3 करोड़ का आंकड़ा छू लिया है। सिर्फ हिंदी वर्जन से फिल्म ने 81.58 करोड़ का कलेक्शन किया है।
फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ के बॉक्स ऑफिस पर सुपर फ्लॉप हो जाने के बाद इसकी निर्माता कंपनी टी सीरीज में हलचल मची हुई है। कंपनी के नीति नियंताओं को भी अब क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में पैसा लगाना सुरक्षित नजर आ रहा है। इसी के चलते टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार ने अभिनेता से निर्माता बने हरमन बावेजा की अगली पंजाबी फिल्म में पैसे लगाने के लिए हां कर दी है। गिप्पी ग्रेवाल और जैस्मीन भसीन के साथ बन रही इस फिल्म की शूटिंग मंगलवार से पंजाब में शुरू हो गई है। हरमन बावेजा ने मंगलवार को जिस पंजाबी फिल्म की शूटिंग शुरू की, उसका नाम है फिल्म 'हनीमून'। इसके निर्माताओं में भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, हरमन बावेजा और विकी बहरी शामिल हैं। अमरप्रीत छाबड़ा इसका प्रोडक्शन संभालेंगे। इस पंजाबी रॉम कॉम फिल्म में गिप्पी ग्रेवाल और जैस्मिन भसीन अहम भूमिका में हैं। फिल्म के लीड एक्टर्स के साथ फिल्म के प्रोड्यूसर हरमन बावेजा ने कुछ तस्वीरें भी जारी की हैं। हरमन के मुताबिक उन्होंने मंगलवार से फिल्म की शूटिंग पंजाब में शुरू कर दी है।
जान्हवी कपूर और खुशी कपूर कोरोना संक्रमित निगेटिव हो गई थीं और ये बात एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताई है। इस पोस्ट में जान्हवी ने बताया है कि वह और खुशी अब पूरी तरह ठीक हैं। जान्हवी कपूर ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, 'हैलो दोस्तों। मैंने और मेरी बहन ने 3 जनवरी को कोविड-19 के लिए सकारात्मक परीक्षण किया था। हमने अब बीएमसी द्वारा सुझाए गए गाइडलाइन्स का पालन किया और आइसोलेशन के जरूरी दिनों को पूरा कर लिया है। हम दोनों की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। पहले दो दिन कठिन थे, और फिर उसके बाद हर दिन बेहतर होता गया। इस वायरस से खुद को बचाने का एकमात्र तरीका मास्क अप और टीकाकरण है! सभी का ख्याल रखें'
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने मंगलवार को दिवंगत अभिनेता शशि कपूर को याद किया। उन्होंने शशि कपूर की याद में एक नोट लिखा। अमिताभ बच्चन ने अपने इंस्टाग्राम पर शशि कपूर के साथ पुरानी तस्वीरों का एक कोलाज साझा किया। इन तस्वीरों के कोलाज को शेयर करते हुए अमिताभ बच्चन ने कैप्शन में लिखा, "जमाना बीत गया, न जाने कितनी फिल्में की साथ में " अमिताभ बच्चन की इस पोस्ट को उनके फैंस खूब पसंद कर रहे हैं और इस पर जमकर टिप्पणियां कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन की इस पोस्ट पर अभिनेता रोहित रॉय ने भी कमेंट किया है। उन्होंने लिखा, "अब तक की सबसे अच्छी जोड़ी !!!" कुमार शानू ने भी इस तस्वीर पर कमेंट करते हुए लिखा "इस फोटो में दो भगवान सर।
निया शर्मा ने अपने इंटरव्यू में कहा कि उन्हें पेट फूलने की प्रवृत्ति है और इस बात के लिए शांति बनाये रखने में काफी वक्त लगता है कि उनका पेट हर वक्त सपाट नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि वह अपने शरीर के मुद्दों पर टूट जाती हैं यानी कि परेशान हो उठती हैं। आरजे सिद्धार्थ कन्नन के साथ अपने एक इंटरव्यू में निया ने कहा कि उन्हें अपने शरीर से कभी नफरत नहीं थी, पर वह 'कई मुद्दों' से जूझती हैं। उन्होंने कहा, "मैंने खाना बंद कर दिया, यार। जब मैं कहती हूं कि मैंने खाना बंद कर दिया है, तो यह आहार के बारे में भी नहीं है। मैं भूखी सोती थी, मैं भूखी जागती थी, मैं भूखी जिम जाती थी। उन्होंने कहा, ''मुझे भूख भी नहीं लगेगी, क्योंकि मैंने अपनी भूख खो दी थी। मैं बस उस गाने में इतनी मेहनत करना चाहती थी, बस अपने पेट को देख रही थी।