मनोरंजन की दुनिया में हर दिन कुछ ना कुछ नया होता ही रहता है। बीते हफ्ते फिल्म जगत में कई हलचल देखने को मिली। एक ओर जहां नई फिल्मों के ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई तो वहीं कुछ फिल्मों की रिलीज डेट भी घोषित की गई।
मनोरंजन की दुनिया में हर दिन कुछ ना कुछ नया होता ही रहता है। बीते हफ्ते फिल्म जगत में कई हलचल देखने को मिली। एक ओर जहां नई फिल्मों के ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई तो वहीं कुछ फिल्मों की रिलीज डेट भी घोषित की गई। पिछले हफ्ते सिनेमा जगत में हुई इन्हीं हलचलों से आपको अपडेट कराने के लिए हम हर रविवार लाते हैं वीकली रैप, जो बीते छह दिनों हुई हर बड़ी-छोटी खबर की अपडेट आप तक पहुंचाता है। आइए कुछ ही मिनट में जानें इस हफ्ते मजोरंजन जगत में हुई हर छोटी- बड़ी खबरों के बारे में-
विज्ञापन
2 of 20
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। जी हां, बीते सोमवार आलिया भट्ट ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा कर इस बात का खुलासा किया था कि वह प्रेग्नेंट हैं। इस तस्वीर में रणबीर के साथ आलिया अस्पताल के बिस्तर पर लेटी हुई नजर आ रही हैं। लवबर्ड्स स्क्रीन पर देख रहे हैं, जहां दिल बना हुआ है। अभिनेत्री ने फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'हमारा बच्चा... जल्द आ रहा है।'
मलयालम सिनेमा की कई फिल्मों में काम कर चुके एक्टर एनडी प्रसाद रविवार (26 जून) को शाम 7:30 बजे अपने घर के सामने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रसाद का शव कोच्चि के कलामास्सेरी स्थित उनके आवास के सामने एक पेड़ से लटका मिला। वह 43 वर्ष के थे। प्रसाद के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। पुलिस का कहना है कि मानसिक तनाव और पारिवारिक मुद्दों के कारण उन्होंने आत्महत्या की होगी।
यौन उत्पीड़न मामले में दक्षिण भारतीय अभिनेता विजय बाबू की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले दिनों केरल हाईकोर्ट से मिली अग्रिम जमानत के बावजूद अभिनेता को आए दिन जांच अधिकारियों के सामने पेश होना पड़ रहा है। हाल ही में अभिनेता और निर्माता विजय बाबू, अपने खिलाफ दर्ज यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि बीती 22 अप्रैल को एक एक्ट्रेस ने अभिनेता के खिलाफ यौन शोषण का संगीन आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
कंगना रणौत की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जावेद अख्तर की याचिका की सुनवाई के लिए अभिनेत्री को सोमवार को अंधेरी मजिस्ट्रेट कोर्ट के समक्ष पेश होना था। किंतु अभिनेत्री अदालत में पेश होने में विफल रहीं। जिसके बाद जावेद अख्तर के वकील जय भारद्वाज ने मजिस्ट्रेट से अनुरोध किया कि कंगना रणौत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया जाए, क्योंकि वह कई मौकों पर अदालत में पेश नहीं हुई हैं।
कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की 'भूल भुलैया 2' के बाद अब कटरीना कैफ, सिद्धांत चतुर्वेदी और ईशान खट्टर की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'फोन भूत' रिलीज होने जा रही है। फिल्म का पोस्टर जारी करते हुए रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपनी आगामी फिल्म की रिलीज डेट का भी एलान कर दिया है। यह फिल्म 7 अक्टूबर 2022 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। बता दें कि इसी दिन कंगना रणौत की तेजस भी दर्शकों का मनोरंजन करने सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अपने अतरंगी ड्रेसिंग सेंस की वजह से उर्फी जावेद लगभग हर दिन सुर्खियों में बनी रहती हैं। फैंस को भी उनका यह अंदाज काफी पसंद आता है। तभी तो सोशल मीडिया पर शेयर की गईं उनकी फोटोज और वीडियोज पर हर दिन लाखों लाइक्स आते हैं। हाल ही में उर्फी ने अपने फैन फॉलोइंग की बदौलत कई बड़ी बॉलीवुड एक्ट्रेस को लोकप्रियता के मामले में पीछे छोड़ दिया है। दरअसल, उर्फी उन दिग्गज एशियन की लिस्ट में शामिल हो गई हैं जिन्हें साल 2022 में सबसे ज्यादा सर्च किया गया है।
मैं रहूं या ना रहूं ये देश रहना चाहिए अटल
- फोटो : सोशल मीडिया
देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के यशस्वी नेता अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशती समारोह का आरंभ उन पर बनी एक हिंदी फिल्म से अगले साल दिसंबर में होगा। 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में जन्मे अटल बिहारी वाजपेयी पर बनने वाली इस फिल्म का नाम है, ‘अटल’ और इसे बनाने के लिए दो दिग्गज फिल्म निर्माताओं विनोद भानुशाली और संदीप सिंह ने हाथ मिलाया है। संदीप सिंह इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ भी बना चुके हैं। फिल्म ‘अटल’ के निर्देशक और फिल्म में अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार निभाने वाले कलाकार का एलान जल्द ही होने वाला है।
कुछ समय पहले ही बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी। अभिनेता को यह धमकी एक खत के जरिए दी गई थी, जो उनके पिता सलीम खान को पांच जून की सुबह मिला था। इस खबर ने ही इंडस्ट्री में हंगामा मचा दिया था और पुलिस भी सख्ती से जांच में जुट गई। वहीं, अब सलमान खान के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री की दमदार अभिनेत्री स्वरा भास्कर को जान से मारने की धमकी मिली है। अभिनेत्री को उनके घर पर स्पीड पोस्ट के जरिए एक खत मिला है, जिसमें स्वरा को जान से मारने की बात की गई है।
हाल ही में बॉलीवुड के लिए एक अच्छी खबर आई है। दरअसल द एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज यानी की ऑस्कर ने क्लास ऑफ 2022 की गेस्ट लिस्ट जारी की है। भारत की तरफ से इस लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल, साउथ के सुपरस्टार सूर्या और राइटर रीमा कागती का नाम शामिल है। बता दें कि इससे पहले इस समिति में एआर रहमान, शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, विद्या बालन, आमिर खान और सलमान खान का नाम शामिल है। बता दें कि इस साल सदस्य बनने के लिए आमंत्रित की कई काजोल हिंदी फिल्म जगत की एकमात्र अभिनेत्री हैं।
आठ साल बाद आखिरकार बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' का ट्रेलर इस हफ्ते रिलीज हो गया। ट्रेलर के साथ विलेन का धमाकेदार आगाज हो चुका है। ये फिल्म 29 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। बता दें पहले फिल्म का पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें जॉन अब्राहम और अर्जुन कपूर का खतरनाक रूप देखने को मिला था। वहीं बुधवार को एक और पोस्टर रिलीज किया गया जिसमें तारा सुतारिया का ग्लैमरस अवतार दिखा था। फिल्म के पोस्टर की तरह इसका ट्रेलर भी आपके होश उड़ाने के लिए काफी है। फिल्म के ट्रेलर में काफी कुछ नया है, जो इसको काफी दिलचस्प बनाने वाला है।
पिछले 14 साल से टीवी का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा आज घर-घर में मशहूर हो चुका है। इसका हर एक किरदार दर्शकों के दिलो-दिमाग पर छाया हुआ है। दया भाभी से लेकर आत्माराम भिड़े, हंसराज हाथी, बाघा और नट्टू काका इन सभी किरदारों की लोगों के दिल में खास जगह है। पहले डॉ. हंसराज हाथी और फिर जेठालाल की दुकान में काम करने वाले नट्टू काका का निधन हुआ है, तब से जैसे इनके सेट पर मातम सा छा गया है। नट्टू काका को गुजरे नौ महीने हो गए हैं, तब से इनके सेट पर किसी भी नए चेहरे की एंट्री नहीं हुई है।
परिवार के साथ मसाबा
- फोटो : instagram/masabagupta
नेटफ्लिक्स की सफल वेब सीरीज में गिनी जाने वाली 'मसाबा मसाबा' का दूसरा सीजन पिछले काफी दिनों से चर्चाओं में बना हुआ है। सोनम नायर के निर्देशन में बनी इस वेब सीरीज के पिछले सीजन ने दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ ग्लैमर इंडस्ट्री के उन पहलुओं को भी दिखाया था, जिससे आम लोग अंजान थे। नीना गुप्ता की बेटी और फैशन डिजाइनर मसाबा गुप्ता की जिंदगी को पास से दिखाने वाली इस सीरीज के दूसरे सीजन का दर्शक लंबे से इंतजार कर रहे थे। 'मसाबा मसाबा' के दूसरे सीजन की घोषणा के बाद अब इसकी रिलीज डेट भी सामने आ गई है, जो इसके फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है।
'थॉर लव एंड थंडर' का ट्रेलर हुआ रिलीज
- फोटो : social media
भारतीय सिनेमा के इतिहास में ऐसा पहले शायद ही कभी हुआ हो। ‘थलाइवा’ के नाम से मशहूर रहे रजनीकांत की फिल्में देखने के लिए लोग सुबह तीन बजे ढोल ताशों के साथ सिनेमाघरों तक पहुंचते रहे हैं लेकिन किसी फिल्म के किसी सिनेमाघर में दिन रात, लगातार शोज शुरू करने का पहला मौका डिज्नी इंडिया ने तलाश लिया है फिल्म ‘थॉर: लव एंड थंडर’ में। जी हां, अमेरिका से भी एक दिन पहले भारत में रिलीज हो रही मार्वल स्टूडियोज की इस फिल्म का पहला शो 7 जुलाई की रात सवा 12 बजे शुरू होगा और अगले चार दिन तक यानी लगातार 96 घंटे यह फिल्म देश के तमाम सिनेमाघरों में निर्बाध चलती रहेगी।
पिछले साल के क्रूज ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) से क्लीन चिट पाने वाले बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन ने गुरुवार को एक विशेष एनडीपीएस अदालत के समक्ष याचिका दायर कर अपना पासपोर्ट वापस किए जाने की मांग की। अदालत ने एनसीबी को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया और मामले की सुनवाई के लिए 13 जुलाई की तारीख तय की। आर्यन खान को एनसीबी ने पिछले साल अक्तूबर की शुरुआत में हाई-प्रोफाइल ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था, लेकिन जांच एजेंसी ने मई में दायर आरोपपत्र में उनका नाम आरोपी के रूप में शामिल नहीं किया।
बीते दिन फिल्म 'लाइगर' से विजय देवरकोंडा का हैरान कर देने वाला लुक सामने आ गया। जी हां, अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए अपने किरदार की एक झलक दिखाई है। बता दें कि इस फिल्म में विजय देवरकोंडा के अलावा अनन्या पांडे भी मुख्य भूमिका में हैं। एक तरफ जहां विजय इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ अनन्या पांडे भी 'लाइगर' से साउथ इंडस्ट्री में कदम रखने वाली हैं।
निर्माता निर्देशक करण जौहर के पॉपुलर शो कॉफी विद करण के सातवें सीजन का ट्रेलर आउट हो चुका है। जिसे देखकर ही पता चल रहा है कि हर बार की तरह इस बार भी 'कॉफी विद करण' में जबरदस्त गपशप के साथ खूब एंटरटेनमेंट मिलने वाला है और इस सीजन में भी करण के साथ कॉफी पीते हुए सितारे अपनी जिंदगी के कई राज खोलने वाले हैं। फिलहाल ट्रेलर से ये तो साफ हो गया है कि शो में शिरकत करने वालों में आलिया भट्ट, रणवीर सिंह, सामंथा रूथ प्रभु, अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ, सारा अली खान, वरुण धवन, विजय देवर कोंडा, जान्हवी कपूर और शाहिद कपूर जैसे सितारे शामिल हैं।
मणिरत्नम की पीरियड ड्रामा पोन्नियिन सेलवन रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म रिलीज से पहले निर्माताओं ने इसका फर्स्ट-लुक पोस्टर जारी किया था। फिल्म को लेकर दर्शक काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं। ऐसे में दर्शकों की उत्सुकता को कम करते हुए मेकर्स ने हाल ही में इसका मोशन पोस्टर जारी कर दिया है। पोन्नियिन सेलवन दो भागों में रिलीज की जाएगी। फिल्म का पहला भाग 30 सितंबर 2022 को रिलीज होगा। ऐसे में फिल्म रिलीज से पहले मेकर्स ने इसके मोशन पोस्टर को जारी करते हुए दर्शकों की बेसब्री को और ज्यादा बढ़ा दिया है।
देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों ने सभी की चिंता बढ़ी दी है। बीते कुछ दिनों से मनोरंजन जगत के भी कई सितारे कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, अब बिग बॉस 14 फेम निक्की तंबोली ने पोस्ट शेयर कर कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। साथ ही लोगों से कोविड प्रोटोकॉल को फॉलो करने और मास्क पहनने की अपील की है।
वेब सीरीज 'सेक्रेड गेम' से लोकप्रिय हुई एक्ट्रेस कुब्रा सैत ने हाल ही में अपनी किताब 'ओपन बुकः नॉट क्वाइट ए मेमॉयर' लॉन्च की है। जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं जिन्हें जानने के बाद हर कोई हैरान है। इस किताब में उन्होंने खुद के साथ हुए शारीरिक शोषण से लेकर बॉडी शेमिंग तक का सामना करने के बारे में कई बातें बताई हैं। उन्होंने किताब में अपने अचानक गर्भवती हो जाने के बारे में भी खुलासा किया है।