अगर आपको कोई खूबसूरत युवती फेसबुक पर लगातार फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रही है, इंस्टाग्राम मैसेंजर पर मदद मांगने के लिए संदेश भेज रही है या व्हाट्सऐप पर बिना जान पहचान हाय, हेलो कर रही है तो सावधान हो जाइए। मुंबई में हीरोइन बनने आईं तमाम युवतियों को अपने गिरोह में शामिल करके एक देशव्यापी सेक्सटॉर्शन रैकेट इन दिनों सक्रिय है। ये गिरोह लोगों के कंप्यूटर, मोबाइल के कैमरों को हैक करके उनकी तस्वीरों के संपादित अश्लील वीडियो बना रहे हैं और दिन रात लाखों की कमाई कर रहे हैं। इन गिरोहों के खिलाफ अब एक देशव्यापी अभियान शुरू किया गया है और इसके लिए मुंबई पुलिस की साइबर पुलिस भी हरकत में आई है। कानूनी जानकारों के मुताबिक ऐसी हरकतों में फंसने पर बजाय घबराने के हिम्मत से काम लेना चाहिए और ऐसी हर धमकी को रिकॉर्ड करके पुलिस को सौंप देना चाहिए।