देश में पैसा देकर टेलीविजन चैनल देखने वालों की पसंद में फिर से अव्वल नंबर बनने की लगातार कोशिशें कर रहे चैनल कलर्स ने इस बार मॉनसून में अपना सबसे बड़ा तुरुप का पत्ता फेंकने का मन बना लिया है। खबर है कि हिंदी सिनेमा के हीरो नंबर वन रणवीर सिंह इस चैनल पर अपना एक खास शो लेकर आने वाले हैं। बीते हफ्ते की टीआरपी के हिसाब से देश में पैसे देकर चैनल देखने वालों में स्टार प्लस नंबर एक पर, सोनी सब नंबर दो और कलर्स चैनल तीसरे नंबर पर है। कलर्स चैनल के प्रबंधन की इस बारे में अभिनेता रणवीर सिंह से लंबी लंबी बातें हाल ही में होती रही हैं। रविवार की रात रणवीर जब अपनी पत्नी दीपिका के साथ मुंबई लौटे तो समझा यही गया कि ऐसा दीपिका की अगले महीने से शुरू होने जा रही फिल्म के लिए है। लेकिन, असल खबर अब सामने आई है कि दरअसल ये यात्रा रणवीर की वजह से ज्यादा जरूरी थी।