म्यूजिक और फिल्म प्रोडक्शन कंपनी टी सीरीज को बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए करीब तीन दशक तक दिन रात मेहनत करने वाले विनोद भानुशाली अब खुद फिल्म निर्माता बन गए हैं। विनोद ने हरितालिका तीज के शुभ दिन पर गुरुवार को अपनी प्रोडक्शन कंपनी भंसाली स्टूडियोज का एलान करते हुए इसका लोगो जारी कर दिया। विनोद ने बीते तीन साल में ही एक के बाद एक ‘कबीर सिंह’, ‘बाटला हाउस’, ‘साहो’, ‘थप्पड़’ और ‘तानाजी द अनसंग वॉरियर’ जैसी ब्लॉकबस्टर व चर्चित फिल्मों के निर्माण से लेकर प्रचार प्रसार तक बतौर सह निर्माता महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विनोद के इस नए सफर में कमलेश भानुशाली, विशाल गुरनानी और जूही पारेख मेहता उनके हमसफर बने हैं।
टी सीरीज छोड़कर अपनी नई कंपनी बनाने वाले विनोद भानुशाली कहते हैं, “भानुशाली स्टूडियोज में हम एक साफ सुथरी कार्यशैली विकसित करते हुए फिल्म, वेबसीरीज और म्यूजिक के प्रतिभाशाली कलाकारों व तकनीशियनों के साथ एक आपसी समझ और परस्पर सम्मान का रिश्ता बनाने के लिए काम कर रहे हैं। नई कंपनी को स्थापित करने में धैर्य, साहस और संकल्प की जरूरत होती है और मुझे खुशी है कि हिंदी फिल्म जगत ने मुझे इस मौके पर अपना पूरा समर्थन देने का वादा किया है। भंसाली स्टूडियोज हिंदी पट्टी में रची बसी कहानियों को नए कलेवर को उनके असली तेवर के साथ परदे पर प्रस्तुत करने के लिए कृतसंकल्प है।”