Trailer Review: भूत पुलिस
लेखक: पोस्टर/ट्रेलर में नाम नहीं है
कलाकार: सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, यामी गौतम और जैकलीन फर्नांडीज आदि।
निर्देशक: पवन कृपलानी
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग: ***
डिज्नी प्लस हॉटस्टार की फर्स्ट डे फर्स्ट शो सीरीज की अगली फिल्म है ‘भूत पुलिस’। वैसे तो भूतों को भगाने, डराने, जगाने वगैरह का काम सदियों से भारत में बाबा, तांत्रिक, अघोरी और फकीर ही करते आए हैं, लेकिन इंटरनेट का जमाना है तो हॉलीवुड की घोस्टबस्टर्स टाइप की भूतों को पकड़ने वाली टीम हाजिर है ‘भूत पुलिस’ के नाम से। नाम से तो यही लगता है कि ये रोहित शेट्टी के पुलिस यूनीवर्स पर बना कोई स्पूफ होगा लेकिन ये आइडिया शायद इसके मेकर्स को कौंधा ही नहीं। ट्रेलर बताता है कि ये दो चाचा भतीजा टाइप के लोगों की कहानी है जो भूतों के पीछे लगे हुए हैं। एक सिर्फ पैसा कमाने के लिए और दूसरा सिर्फ अपनी तांत्रिक साधना के लिए। दोनों के मंतव्य अलग अलग होने के बावजूद दोनों साथ काम करते हैं और फिल्म का पूरा हास्य इसी विरोधाभास पर ही आधारित लगता है। कम से कम ट्रेलर से यही समझ आता है।