इन दिनों सीक्वल फिल्मों की हर तरफ धूम है। हॉलीवुड फ्रेंचाइजी सीरीज ‘जॉन विक’ की चौथी फिल्म इसी हफ्ते रिलीज हुई है। मार्वल और डीसी कॉमिक्स पर बनी फिल्मों की तो पूरी अलग दुनिया ही बस चुकी है। इधर, यशराज फिल्म्स ने भी फिल्म ‘पठान’ के साथ अपने जासूसों की अलग दुनिया बसाने का एलान कर दिया है। लेकिन किसी एक किरदार को लेकर हिंदी सिनेमा में भी अब तक तीन से ज्यादा फिल्में नहीं बनी हैं। ‘दबंग’, ‘रेस’, ‘धूम’ और ‘कृष’ सीरीज की भी चौथी फिल्में अभी घोषित होना बाकी हैं, लेकिन इस मामले में भोजपुरी के धुरंधरों ने मैदान मार लिया है। अभिनेता और सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने अपनी सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 4’ की घोषणा कर दी है।