अब जबकि बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों ‘एनिमल’ और ‘सैम बहादुर’ के मुकाबले की तस्वीर साफ हो चुकी है, और सलमान खान और कैटरीना कैफ की मनीष शर्मा निर्देशित फिल्म ‘टाइगर 3’ का बॉक्स ऑफिस नतीजा भी औसत से लेकर हिट के बीच कहीं अटक गया है, रणबीर कपूर ने हिंदी सिनेमा में कामयाबी की एक ऐसी लकीर खींच दी है, जिसे छोटा कर पाना किसी दूसरे अभिनेता के लिए हाल फिलहाल में मुश्किल ही होगा। 1 दिसंबर को रिलीज हुई ये फिल्म रिलीज के दूसरे हफ्ते (14 दिन) में भी इस साल की दो ब्लॉकबस्टर फिल्मों ‘पठान’ और ‘गदर 2’ से आगे बनी हुई है। इस शुक्रवार को भी कोई बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है लिहाजा फिल्म ‘एनिमल’ का जलवा अभी तीसरे हफ्ते भी जारी रहने वाला है।