जायद खान
शाहरुख ने पूछा था, 'एक्टिंग आती है न?'
जायद को 'मैं हूं ना' फिल्म कैसे मिली इसका भी एक दिलचस्प किस्सा है, जिसका जिक्र खुद जायद ने एक बातचीत में किया था। फिल्म 'मैं हूं ना' की तैयारी चल रही थी। जायद खान इसी दौरान शाहरुख खान से मिले। जायद के मुताबिक, 'मैं चाहता था कि फराह खान मेरी फिल्म 'चुरा लिया है तुमने' का एक गाना कोरियोग्राफ करें और मैं इसी सिलसिले में उनसे मिला था। लेकिन, वह मुझे अच्छे से नहीं जानती थीं। मुझे तब कोई नहीं जानता था, इसलिए जब मैं लोगों से मिलता, खुद को संजय खान का बेटा और फरदीन खान का भाई बताता था। फराह खान से मैंने कहा, 'मैं एक फिल्म कर रहा हूं'। उन्होंने कहा, मैं तुम्हें 'मैं हूं ना' में एक रोल देने के बारे में सोच रही हूं। इसी बीच शाहरुख खान आए। उन्होंने मुझसे कहा, 'हम एक फिल्म के लिए सेकेंड लीड की तलाश कर रहे हैं। फराह का कहना है कि तुम इसके लिए अच्छे रहोगे। लेकिन एक बात बता भाई, 'तुझे एक्टिंग तो आती है ना?' जायद ने बताया, 'मैं इस सवाल से थोड़ा परेशान हो गया था। फिर मैंने सोचा, मेरा जन्म एक एक्टिंग फैमिली में हुआ है। जाहिर है, एक्टिंग मेरे खून में है।' मैंने कहा, 'हां भाई आती है। मैं पैदा ही एक्टिंग करने के लिए हुआ हूं।' हालांकि, जायद को एक्टिंग कितनी आती है यह उनके करियर ग्राफ से पता चल रहा है। लेकिन, शाहरुख के साथ एक फिल्म करने का फायदा उन्हें बस इतनाभर हुआ कि लोग उन्हें उनके पिता के नाम से नहीं, बल्कि उनके खुद के नाम से जानने लगे हैं।