अगर किसी प्रतियोगी परीक्षा में पूछा जाए कि साल 2024 का दादा साहब फाल्के पुरस्कार किसे मिला? और, प्रतिभागी इसके उत्तर में शाहरुख खान का नाम लिखकर आ जाए, तो गलती उसकी नहीं बल्कि उन सारे मीडिया घरानों की होगी जिन्होंने हाल ही में हुए दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (डीपीआईएफएफ) अवार्ड्स 2024 के समाचारों को हेडिंग में दादा साहब फाल्के पुरस्कार 2024 लिखकर प्रकाशित किया। इस गफलत को लेकर मुंबई फिल्म जगत से जुड़े लोगों में रोष बढ़ता ही जा रहा है और अब ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्लूए) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सबसे बड़े राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दादा साहब फाल्के पुरस्कार की आड़ में हो रही इस उगाही पर रोक लगाने की मांग की है।