राजधानी में बाबाओं की करतूत सामने आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब जनकपुरी में रहने वाले योग गुरु हरि नारायण बाबा पर एक अध्यापिका ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी बाबा को नैनीताल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे दिल्ली लेकर आ रही है। वहीं, पुलिस ने महिला के आरोप के आधार पर बाबा का सहयोग करने वाली दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 24 वर्षीय पीड़िता एनसीआर के एक स्कूल में अध्यापिका हैं। पीड़िता ने महिला आयोग को शिकायत दी, जिसमें उसने जनकपुरी के योग गुरु हरि नारायण बाबा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। उसने बताया कि जुलाई माह में उसकी मुलाकात अपनी एक वरिष्ठ साथी सुनीता (बदला हुआ नाम) से हुई। वह भी एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापिका हैं।