गुरुग्राम के इफ्को चौक के पास सोमवार की शाम सूटकेस में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला के शव की पहचान करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी की हत्या के बाद हत्यारे पति राहुल ने उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए बाजार से 1100 रुपये में सूटकेस खरीदा था। आरोपी तक पहुंचने में ई-रिक्शे वाले ने व सीसीटीवी फुटेज ने भी पुलिस की काफी मदद की। जिस समय आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया, उस वक्त उसकी एक वर्षीय बेटी भी कमरे में ही सो रही थी। सूटकेस में शव रखने के बाद आरोपी उसे लेकर बाहर खड़ा था। इतने में ई-रिक्शा वाला दिखा, जिससे उसने इफ्को चौक तक चलने के मुंह मांगे 200 रुपये दे दिए।