कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच ग्रेप नियमों के साथ बुधवार को दिल्ली के बाजारों में दुकानें सम-विषम फॉर्मूले पर खुलीं। लेकिन, इसके बाद भी बाजारों में भीड़ कम नहीं हुई और शारीरिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ती रहीं। दुकानें कम खुलने के बाद भी दिल्ली के अमूमन सभी प्रमुख बाजार करोलबाग, चांदनी चौक, कश्मीरी गेट, लक्ष्मी नगर, कृष्णा नगर, खान मार्केट व आइएनए समेत अन्य बाजारों में लोगों की भीड़ पहुंची। दिल्ली के दो प्रमुख बाजार सरोजिनी नगर और कनॉट प्लेस से पेश है अमर उजाला संवाददाता किशन कुमार की लाइव रिपोर्ट:
सरोजिनी नगर मार्केट
दिल्ली सरकार के ग्रेप नियम के तहत बाजार में बुधवार को सभी दुकानें सम-विषम फॉर्मूले पर खुलीं। बाजार के प्रवेश द्वार पर सिविल डिफेंस कर्मियों के साथ अर्द्ध सैनिक बल के जवान मौजूद थे, जो लोगों को मास्क पहनने और शारीरिक दूरी के साथ बाजार में प्रवेश के लिए बोल रहे थे। लेकिन, मार्केट में पहुंचते ही तस्वीर पूरी तरह से बदल गई थी। कुछ कदम पहले बनी शारीरिक दूरी बाजार की भीड़ में दम तोड़ती हुई नजर आई। कम दुकानें खुली होने की वजह से लोग खरीदारी के दौरान लोग एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आए। कुछ दुकानों में ग्राहकों की अधिक भीड़ भी दिखाई दी। वहीं, खाने-पीने की दुकानों के बाहर खड़े लोगों के बीच में भी शारीरिक दूरी नहीं दिखाई दी।