फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद: 60 लाख में बना था 'भ्रष्टाचार का श्मशान घाट', अब मृतकों के परिजनों को लगाया जाएगा दो-दो लाख का 'मलहम'

Sun, 03 Jan 2021 08:25 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरादनगर/गाजियाबाद
विज्ञापन
1 of 7
मुरादनगर श्मशान घाट हादसा - फोटो : amar ujala
मुरादनगर में रविवार दोपहर श्मशान घाट के प्रवेश द्वार के साथ बने गलियारे की छत गिरने से मलबे में दबकर 23 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। एनडीआरएफ, पुलिस और पीएसी ने करीब पांच घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। श्मशान में 55 लाख की लागत से गलियारे का निर्माण हुआ था और करीब पंद्रह दिन पहले ही इसे जनता के लिए खोला गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश देते हुए रिपोर्ट तलब की है। प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद देने और घायलों के उचित इलाज कराने की घोषणा की है।
विज्ञापन

2 of 7
मुरादनगर श्मशान घाट हादसा - फोटो : amar ujala
मुरादनगर के उखलारसी गांव की संगम विहार कॉलोनी निवासी जयराम (70) का रविवार को निधन हो गया था। सुबह करीब 10:30 बजे उनकी अंतिम यात्रा घर से शुरू हुई और करीब पौने 11 बजे मुरादनगर के बंबा रोड श्मशान घाट पहुंची। अंतिम संस्कार में मोहल्ले और आसपास के इलाकों के करीब 50 लोग शामिल थे। अंतिम संस्कार के दौरान बारिश होने के कारण अधिकांश लोग श्मशान घाट के प्रवेश द्वार पर बने 70 फीट लंबे गलियारे में खड़े थे। अंतिम संस्कार पूरा होने के बाद करीब 11:30 बजे इस गलियारे में दो मिनट के मौन के लिए सभी लोग जमा हुए। इसी दौरान गलियारे की छत भरभरा कर गिर गई। कुछ लोग बाहर निकल गए थे, लेकिन करीब 40 लोग मलबे के नीचे दब गए। 
विज्ञापन

3 of 7
मुरादनगर श्मशान घाट हादसा - फोटो : amar ujala
सूचना पर पहुंची पुलिस, पीएसी ने स्थानीय लोगों के साथ बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। इस दौरान एनडीआरएफ की टीम डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और मलबे को हटाया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाल कर जिला एमएमजी अस्पताल समेत कई अन्य अस्पतालों में भेजा गया। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है जबकि 15 लोग घायल हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंडल आयुक्त मेरठ व  एडीजी मेरठ मामले की जांच कर रहे हैं। उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों ही अधिकारी मुरादनगर में डेरा डाले हुए हैं। टेंडर से लेकर अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। 

4 of 7
मुरादनगर श्मशान घाट हादसा - फोटो : amar ujala
15 दिन पहले खोली गई थी शटरिंग
मुरादनगर में श्मशान घाट में गलियारे की छत डालने का काम अक्तूबर में शुरू हुआ था। करीब 15 दिन पहले शटरिंग खोली गई थी। इससे पहले लोगों का आवागमन इसके बगल में लगे श्मशान घाट के छोटे गेट से हो रहा था। शटरिंग खुलने के बाद इस गेट से लोगों का आवागमन शुरू हुआ था। अभी इसका लोकार्पण भी नहीं हुआ है। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी निहारिका चौहान ने बताया कि इस गलियारे के निर्माण के लिए करीब 55 लाख का टेंडर जारी हुआ था। नगर निगम के ठेकेदार अजय त्यागी ने इसका निर्माण किया था।


विज्ञापन

5 of 7
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी - फोटो : amar ujala
मंडलायुक्त-आईजी पहुंचे घटनास्थल पर 
अंतिम संस्कार के दौरान हुए हादसे की गूंज लखनऊ तक पहुंची। शासन ने मंडलायुक्त-आईजी समेत डीएम-एसएसपी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य कराया। वहीं, हादसे के कारणों की भी पड़ताल शुरू कर दी गई। शासन ने देर रात तक इस हादसे की रिपोर्ट मांगी है। 
विज्ञापन

6 of 7
मुरादनगर श्मशान घाट हादसा - फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे के बाद मृतकों के शोक संतृप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। उन्होंने मंडलायुक्त और एडीजी मेरठ जोन से घटना की रिपोर्ट तलब की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
Ghaziabad accident - फोटो : अमर उजाला
घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए बनाया ग्रीन कॉरिडोर
पुलिस-प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दिल्ली-मेरठ हाईवे पर मुरादनगर से गाजियाबाद की ओर जाने वाले ट्रैफिक को रोककर एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया। मुरादनगर बंबा श्मशान से घायलों को लेकर सीधे यशोदा अस्पताल, सर्वोदय अस्पताल और जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचा गया। कॉरिडोर के कारण किसी भी एंबुलेंस को जाम में नहीं अटकना पड़ा। 30 से 35 मिनट में एंबुलेंस अस्पताल तक पहुंच गईं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें