उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में पत्नी और दो बेटियों की हत्या करने के बाद कारोबारी इसरार ने अपने मोबाइल से खुद के सात वीडियो बनाए थे। वीडियो के आधार पर पता चलता है कि करीब 6.30 बजे इसरार ने अपनी पत्नी बेटियों की हत्या कर दी। इसके बाद 30 सेकंड से लेकर एक मिनट तक के सभी वीडियो बनाए। इन वीडियो में इसरार काफी परेशान दिख रहा है। वह बेटियों की हत्या करने पर कहता है कि बेटे तो किसी तरह पल जाएंगे, लेकिन बेटियों का क्या होगा। इसलिए उसने बेटों को छोड़कर बेटियों की हत्या कर दी। वीडियो में परिवार को खत्म करने पर इसरार काफी दुख भी जता रहा है। सभी वीडियो में वह पुलिस, माता-पिता और बेटों के लिए संदेश दे रहा है। बाद में इसरार ने परिवार को खत्म करने पर दुख जताते हुए खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल जाफराबाद थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने शनिवार को इसरार के एक साले को थाने बुलाकर पूछताछ की।