हरियाणा के हिसार स्थित राखीगढ़ी साइट पर करीब 7000 साल पुराने हड़प्पा कालीन शहर के दफन होने के राज खुलने वाले हैं। भारतीय पुरातात्विक विभाग को अभी तक खोदाई में विकसित शहर होने के सबूत मिले हैं। साफ-सफाई, सड़कें, आभूषण, पॉटरी, खिलौने, बर्तन से लेकर शवों के अंतिम संस्कार के भी सबूत मिल रहे हैं। टीला नंबर एक की खोदाई में स्मार्ट सिटी की झलक दिखती है, जोकि नॉर्थ-ईस्ट, वेस्ट-साउथ के आधार पर हैं।
अभी तक तीन टीलों की खोदाई में कुल 50 कंकाल मिल चुके हैं। जबकि खोदाई के दौरान पिछले दिनों दो महिलाओं के नए कंकाल भी मिले हैं। इसमें एक महिला के कंकाल की कलाई में एक चुड़ी मिली है। इनके डीएनए जांच के लिए भेज दिये हैं, ताकि सही जानकारी मिल सके। इसके अलावा कंकाल के पास खाने के बर्तन भी दिखे हैं। यह दर्शाता है कि उस काल में भी संस्कार विधि-विधान से किया जाता रहा होगा। इसके अलावा खोदाई में मिले सामान से विशेषज्ञों का आकलन है कि यह कोई बड़ा व्यवसायिक केंद्र भी रहा होगा।