दिल्ली दंगा मामले में देवांगना कलिता को जमानत मिलने के बाद उसकी मां कल्पना कलिता ने कहा कि उन्हें जन्मदिन का तोहफा मिल गया है। देवांगना का जन्मदिन 18 जून को है। उसे बहुत अच्छे समय पर जमानत मिली है। उन्होंने असम के डिब्रूगढ़ से फोन पर बताया कि कलिता के जन्मदिन से पहले ये हमारे लिए सुपर गिफ्ट है। पिछले जन्मदिन पर वह जेल में थी। हम उसे शुभकामना तक नहीं दे सके थे। यहां तक कि हमारे वकील भी न उससे मिल सके और न बात कर सके। उन्होंने 23 मई 2020 को पिंजरा तोड़ समूह की सदस्य नताशा नरवाल के साथ हुई गिरफ्तारी को याद करते हुए कहा कि करीब ढाई बजे उनकी उससे वीडियो कॉल से बात हुई। हम जानते थे कि एसआईटी उससे पूछताछ करने जा रही थी। तीन बजे एसआईटी आई और छह बजे उन्हें गिरफ्तार कर जाफराबाद थाने और इसके बाद कई थानों में ले जाया गया। उन दोनों को दंगों की आतंकी साजिश के आरोप में कठोर आतंक रोधी कानून यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया गया था।