दिल्ली के आंबेडकर नगर इलाके में वर्ष 2007 में भाजपा के टिकट से निगम पार्षद का चुनाव लड़ चुकी एक महिला की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्याकांड को किसी और ने नहीं बल्कि महिला की बेटी ने अपने लिवइन पार्टनर के दोस्त के साथ मिलकर अंजाम दिया। मृतका की शिनाख्त सुधा रानी (55) के रूप में हुई है। हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने बेटी देवयानी (24) और लिवइन पार्टनर के दोस्त कार्तिक (23) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल सर्जिकल ब्लेड व अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।
दरअसल देवयानी अपने पति को छोड़कर अपने प्रेमी शिबू के साथ दक्षिणपुरी रह रही थी। मां को यह पसंद नहीं था। सुधा ने बेटी पर दबाव बनाने के लिए उसे प्रॉपर्टी से बेदखल करने की धमकी देकर खर्चा भी देना बंद कर दिया था। इससे नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद लूटपाट के दौरान हुई हत्या का रंग देने का प्रयास किया गया।