हर घर तिरंगा के साथ ही रविवार को दिल्ली की सड़कों पर हर सफर में तिरंगा नजर आया। साइकिल, ई रिक्शा, ऑटो, बस और मेट्रो स्टेशन, आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर दिल्ली की सड़कें तिरंगामय दिखीं। सफर में अगर वाहन नहीं मिला तो जश्न मनाने का जुनून रखने वाले पैदल ही निकल पड़े। खासतौर पर लालकिला और आसपास के क्षेत्र में एक-एक फुट की दूरी पर तिरंगा के साथ वाहनों का काफिला पूरे दिन गुजरता रहा। मेट्रो स्टेशन के बाहर बनी आकृतियों के साथ सेल्फी लेने वालों को भीड़ रही तो चांदनी चौक समेत दिल्ली की तमाम गलियां आजादी के जश्न के तिरंगे में लिपटी रहीं।