दून निवासी युवक की सहारनपुर की युवती से शादी हुई थी। साढ़े चार लाख का हनीमून पैकेज था, लेकिन टूर एंड ट्रैवल कंपनी के संचालक के साथ मिलकर पत्नी ने धोखाधड़ी कर दी। पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शादी के बाद युवक ने हनीमून पैकेज लेकर मालदीव जाने का प्लान बनाया लेकिन पत्नी इससे पहले ही अलग हो गई। उसके साथ मिलीभगत कर टूर एंड ट्रैवल कंपनी ने बुकिंग की रकम वापस नहीं की। पता चला कि युवक की पत्नी इसी पैकेज पर बहन के साथ मालदीव पहुंच गई।
विज्ञापन
कंपनी के कर्मचारियों ने पति के नाम पर उसकी बहन को भेज दिया। युवक की शिकायत पर पत्नी, उसकी बहन और कंपनी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अंकित गर्ग निवासी जीएमएस रोड की शादी अक्तूबर 2021 में सहारनपुर निवासी सोनाक्षी बंसल के साथ हुई थी।
दिसंबर में उन्होंने हनीमून पर जाने के लिए ट्रैवल ट्रूप्स ग्लोबल प्रा. लि., चेन्नई से करीब साढ़े चार लाख में पैकेज बुक कराया। मगर, जनवरी 2022 में अंकित और सोनाक्षी के बीच अनबन शुरू हो गई। कुछ दिनों बाद सोनाक्षी मायके चली गई। इस पर अंकित ने कंपनी के डायरेक्टर श्रीनाथ सुरेश से पैसे मांगे लेकिन वह टालमटोल करने लगा। इस बीच अप्रैल 2022 में दोनों परिवार की सहमति से अलग हो गए।
विज्ञापन
Trending Videos
सोनाक्षी की बहन इशिता को ही अंकित के नाम पर मालदीव भेज दिया
अगस्त 2022 में अंकित ने इंस्टाग्राम पर सोनाक्षी और उसकी बहन इशिता को मालदीव में घूमते देखा तो उसके होश उड़ गए। अंकित ने श्रीनाथ सुरेश से संपर्क किया तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पता चला कि कंपनी ने सोनाक्षी की बहन इशिता को ही अंकित के नाम पर मालदीव भेज दिया।
मुकदमा दर्ज
इंस्पेक्टर पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि अंकित गर्ग की शिकायत पर सोनाक्षी बंसल, उसकी बहन इशिता बंसल और कंपनी के डायरेक्टर श्रीनाथ सुरेश के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।