उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंगलवार रात करीब 10:45 से 11.00 बजे के बीच अचानक तेज बारिश के बीच गोफियारा के समीप वरुणावत पर्वत से बोल्डरों के गिरने की आवाज आने लगी। आवाज सुनकर यहां आसपास रह रहे लोग घरों से बाहर निकल आए। अंधेरा होने के कारण लोग टॉर्च जलाकर और सीटियां बजाकर एक दूसरे को सचेत करने लगे। पूरे क्षेत्र में भागो... भागो... का शोर मच गया।
कुछ देर बाद अचानक बोल्डर और पेड़ों की गिरने की बहुत तेज आवाज आई। देखते ही देखते गोफियारा सहित तिलोथ और बाड़ाहाट का क्षेत्र सीटियों से गूंज उठा। मौके पर हर किसी के चेहरे पर दहशत थी, हर कोई एक दूसरे को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के लिए सचेत कर रहा था। क्या हुआ था मंगलवार की रात, पढि़ए विपिन नेगी की इस रिपोर्ट में...
मंगलवार रात को मूसलाधार बारिश हो रही थी। इससे गोफियारा के लोग पहले ही जल निगम रोड पर गदेरे के उफान पर आने से घबराए हुए थे। कुछ देर बाद ही वरुणावत पर्वत से भूस्खलन शुरू हो गया। इससे गोफियारा सहित भटवाड़ी रोड और कलक्ट्रेट कॉलोनी, मस्जिद मोहल्ले के लोगों की नींद उड़ गई।
रात करीब 11 बजे के आसपास पहाड़ी पर भूस्खलन की आवाज तेज हुई तो गोफियारा में लोग अपने घरों को छोड़कर जल निगम रोड पर एकत्रित हो गए। भटवाड़ी रोड और मस्जिद मोहल्ले से लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। क्योंकि अंधेरा होने के कारण पता नहीं लग रहा था कि भूस्खलन कहां हो रहा है।
Landslide: पर्थाडीप में आठ घंटे तक अवरुद्ध रहा बदरीनाथ हाईवे, नंदप्रयाग-सैकोट सड़क से हुई वाहनों की आवाजाही