प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। खराब मौसम से चारधाम यात्रा में भी खलल पड़ रहा है। रविवार सुबह बदरीनाथ हाईवे भारी बारिश से खचड़ा नाला में बंद हो गया। जिस कारण करीब 4000 यात्री जोशीमठ, गोविंदघाट, पांडुकेश्वर और 2500 यात्री बदरीनाथ में रोके गए हैं।
उधर, सोनप्रयाग से सुबह आठ बजे तक सौ यात्री केदारनाथ के लिए रवाना हुए, लेकिन फिर बारिश के कारण यात्रियों को सोनप्रयाग में रोका गया है। वहीं जोशीमठ में फूलों की घाटी में शुक्रवार रात को भारी बारिश के चलते जगह-जगह पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। शनिवार को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन की ओर से किसी भी पर्यटक को घाटी में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने दून समेत प्रदेश के पांच जिलों में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुुताबिक, रविवार को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बौछार के साथ बारिश की संभावना है। इसी तरह मैदान से लेकर पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।