प्रदेश के चार बड़े कॉलेजों में छात्राओं ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। शनिवार को प्रदेश में 123 कॉलेजों में एक साथ छात्रसंघ चुनाव हुए। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर सभी जगह हालात सामान्य दिखे। हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में रश्मि लमगड़िया ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कौशल बिरखानी को भारी मतों के अंतर से हराया है।
रश्मि ने एबीवीपी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। कॉलेज के इतिहास में पहली बार कोई महिला अध्यक्ष चुनी गई है। वहीं, ऋषिकेश के पंडित ललित मोहन शर्मा श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर में भी छात्रसंघ के इतिहास में पहली बार छात्रा साक्षी तिवारी ने बाजी मारी है।
एनएसयूआई के टिकट से चुनाव लड़ी साक्षी वैसे कोषाध्यक्ष की तैयारी कर रही थी लेकिन किस्मत से उन्हें संगठन से अध्यक्ष पद पर टिकट मिला और उन्होंने इतिहास रच दिया। खबर लिखे जाने तक कॉलेजों में एबीवीपी बड़ी जीत की ओर अग्रसर थी। वहीं, प्रदेश में छात्रसंघ के हिसाब से सबसे बड़े डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में एनएसयूआई को लगातार 14वीं बार हार का सामना करना पड़ा। यहां एबीवीपी के दयाल बिष्ट ने जीत दर्ज की।