उत्तराखंड के हल्द्वानी पहुंचे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जैसे दिल्ली बदली है वैसे ही उत्तराखंड भी बदल सकता है। उत्तराखंड के लोगों को कमाल कर दिखाना है। हमारी पार्टी में कोई नेता नहीं है बल्कि सभी आम आदमी हैं। हम दूसरी पार्टियों की तरह नहीं है। हम देश बदलने आए हैं। भ्रष्टाचार मिटाने आए हैं। मर जाएंगे, मिट जाएंगे लेकिन तिरंगे को झुकने नहीं देंगे।
उत्तराखंड में केजरीवाल ने खेला बड़ा दांव: छह महीने में एक लाख नौकरी और हर महीने पांच हजार भत्ता
हल्द्वानी में आप आदमी पार्टी की तिरंगा संकल्प यात्रा के दौरान एक जनसभा में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड में चुनाव एक आंदोलन होने वाला है, एक क्रांति होने वाली है। हर बच्चे को नौकरी और रोजगार मिल सकता है। हमने और कर्नल अजय कोठियाल ने प्रदेश को बदलने की पूरी तैयारी कर ली है। उत्तराखंड के लोग कमाल करके दिखाएंगे, चाबी आपके हाथ में है।
इससे पूर्व उन्होंने भारत माता की जय, वंदेमातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाकर लोगों में जोश भरा। पूरी यात्रा में केजरीवाल ने लोगों का अभिवादन हाथ हिलाकर किया। कुछ जगहों पर उन्होंने लोगों पर माला भी फेंकी। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा में पहुंची महिलाओं ने यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा भी की।
आम आदमी पार्टी की तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़ ने उक्रांद समेत क्षेत्रीय दलो, सपा, बसपा को बड़ी चुनौती दी है। तिरंगा रैली में भीड़ जुटाकर केजरीवाल ने आप को प्रदेश की तीसरी बड़ी पार्टी के रूप में पेश किया है।