पौड़ी जिले के कोटद्वार बीरोंखाल सिमड़ी में मंगलवार देर शाम हुए बस हादसे में वाहन चालक समेत 33 बरातियों की मौत हो गई जबकि 19 लोग घायल हो गए। बुधवार देर शाम तक सिमड़ी में पूर्वी नयार नदी की खाई (200 मीटर खाई) से पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवानों ने 31 शव निकाले।
संदीप की बरात जाने के दिन मंगलवार को लालढांग गांव में दो और भी शादी समारोह थे। पूजा की ऋषिकेश से बरात आनी और राहुल की शादी की रिसेप्शन पार्टी थी। दो समारोह होने से गांव के कई लोग संदीप की बरात में नहीं जा सके। बस हादसे के बाद बरात में शामिल नहीं हो पाने वाले ग्रामीण सोचकर ही दहशत में हैं।
गांव में मातम के बीच पूजा की बरात में गिनती के लोग आए। शादी की रस्म अदायगी कर दुल्हन लेकर गए। राहुल की रिसेप्शन पार्टी में भी गिनती के लोग पहुंचे। लालढांग निवासी संदीप के बरात की बस दुर्घटना से उत्तराखंड शोक में डूबा है। चालक की लापरवाही से बस में सवार 33 लोग अकाल मौत के मुंह में समा गए। बस की कमानी का पट्टा खराब था।