धर्म परिवर्तन को लेकर हुए विवादों से रुड़की और आसपास के क्षेत्र का पुराना नाता है। ईसाई धर्म के लोगों पर गरीब तबके के लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप लगते रहे हैं। हालांकि, पूर्व के मामलों ने इतना तूल नहीं पकड़ा था, लेकिन इस बार भाजपाइयों और हिंदू संगठनों के लोगों पर डकैती समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की गूंज राजधानी दून तक सुनाई दे रही है। जनसांख्यकीय में बदलाव और धर्मांतरण को लेकर वर्तमान में प्रदेश सरकार गंभीर नजर आ रही है। सरकार ने मामले में पुलिस और खुफिया विभाग को जांच करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच रुड़की में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर हुए विवाद ने आग में घी डालने का काम किया है। इसे लेकर दून में बैठे सूबे के मुखिया और पुलिस मुखिया का ध्यान रुड़की पर केंद्रित हो गया है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री खुद मामले पर नजर बनाए हुए हैं।