उत्तराखंड के टिहरी गढवाल स्थित कैंपटी फॉल में भारी बारिश के चलते पानी बढ़ गया है। इसके चलते पुलिस ने सैलानियों के जाने पर रोक लगा दी है। बता दें, कर्फ्यू में ढील के बाद कैंपटी फॉल में काफी संख्या में लोग पहुंच रहे थे।
ऋषिकेश: जान पर भारी पड़ रहा गंगा की लहरों में रोमांच, हादसों से सबक नहीं ले रहे पर्यटक, तस्वीरें...
कोरोना संक्रमण बढ़ने के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने फॉल में निश्चित संख्या में पर्यटकों के जाने की अनुमित दी थी। वहीं अब लगातार बारिश से कैंपटी फॉल में मलबा और पानी बढ़ गया है। कैंपटी की मुख्य झील पूरी तरह से मलबे से भर गई है। ऐसे में पुलिस ने पर्यटकों को झरने में जाने से रोक दिया है।
कैंपटी पुलिस थाना इंचार्ज नवीन चंद्र जुराल ने बताया कि कैंपटी की झील बारिश के कारण मलबे से भर गई है। भारी बारिश से झरने का बहाव भी तेज हो गया है। इससे सुरक्षा की दृष्टि से सैलानियों को नहीं जाने दिया जा रहा है।
कुछ पर्यटक झील और झरने की फोटो लेने के लिए जा रहे हैं। वे दूर से ही फोटो लेकर वापस आ रहे हैं। कैंपटी में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन कराने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
सोमवार को गाइडलाइन का पालन नहीं करने वाले 39 सैलानियों का चालान किया गया। इसमें बिना मास्क के 31 और 8 सैलानियों का सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर चालान किया गया।