केदारनाथ यात्रा पर आई महिला के दो बच्चे पैदल मार्ग पर बिछड़ गए। जिससे महिला बेचैन हो गई। पुलिस ने चार घंटे की मशक्कत के बाद महिला के बच्चों को ढूंढ निकाला। केदारनाथ में जब मां को उसके दोनों बच्चों से मिलवाया गया तो वह फफक-फफक कर रो पड़ी। बच्चों को अपनी आंखों के सामने देख मां ने उन्हें खूब दुलार किया। यह देख आसपास के लोग भी भावुक हो गए।
चारधाम यात्रा में पर्यटन पुलिस ने अब तक परिवार से बिछड़े 40 लोगों को मिलाया है। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दौरान 40 लोग परिवार से बिछड़ गए थे। इन्हें पर्यटन पुलिस की मदद से परिजनों से मिलाया गया। चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग पूरी तरह से मुस्तैद हैं। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी व पीएससी तैनात की गई है।
उधर, लगातार दूसरे दिन सोनप्रयाग से पूर्वाह्न 11.30 बजे के बाद 13965 यात्री केदारनाथ नहीं भेजे गए। निर्धारित संख्या से अधिक यात्रियों की अधिक भीड़ होने से प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इससे पूर्व 13965 श्रद्धालुओं को केदारनाथ के लिए रवाना किए गए। पूरे दिनभर गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग व धाम में भी आवाजाही बनी रही।