‘भारत माता तेरी कसम, तेरे रक्षक बनेंगे हम, कोई दुश्मन कभी भूले से भी देख ले इधर, दीवारें हम बनेंगे मां, तलवारें हम बनेंगे मां, छू ले तुझको किसमें है दम।’ कुछ इसी भावना से पासिंग आउट परेड के दौरान कदम से कदम मिलाते और गर्व से सीना ताने 288 युवा जांबाजों की टोली जब ड्रिल स्क्वॉयर से गुजरी तो लग रहा था कि विराट सागर उमड़ आया हो।
देश की धड़कन अब इन युवाओं की सांस बन गई हो। दर्शक दीर्घा में उपस्थित सैन्य अधिकारियों और लोगों ने जोरदार तालियों से कैडेट्स का स्वागत किया। शनिवार सुबह भारतीय सैन्य अकादमी में सेना की साउथ वेस्टर्न कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग ले. जनरल अमरदीप सिंह भिंडर समेत तमाम वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित परेड में पासिंग आउट बैच के जेंटलमैन कैडेट्स जोश व जज्बे से भरे थे।
देश-विदेश के मेहमान और कैडेट्स के स्वजन भी परेड देखने पहुंचे थे। उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठकर कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया। अकादमी के ऐतिहासिक चेटवुड भवन के सामने ड्रिल स्क्वॉयर पर ‘कदम-कदम बढ़ाए जा खुशी के गीत गाए जा, ये जिंदगी है कौम की, कौम पे लुटाए जा...’ की धुन पर कदमताल करते युवाओं का जोश व जज्बा बयां कर रहा था कि भारत माता की रक्षा के लिए ये हर पल हाजिर हैं।