बैंगलोर के ओपनर डुप्लेसिस और विराट कोहली
- फोटो : IPL/BCCI
1. पहले ही ओवर में डुप्लेसिस आउट: बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस पहले ही ओवर में आउट हो गए। उन्हें मोहसिन खान ने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। डुप्लेसिस इस सीजन दूसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए और दोनों बार उन्हें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पवेलियन भेजा है। पिछली बार डुप्लेसिस गुजरात टाइटंस के खिलाफ प्रदीप सांगवान की गेंद पर विकेटकीपर साहा को कैच थमा बैठे थे। उनके आउट होते ही लगा कि बैंगलोर की पारी जल्दी सिमट जाएगी।
2. पाटीदार और कोहली की साझेदारी: पहला विकेट गिरने के बाद विराट कोहली ने रजत पाटीदार के साथ मिलकर 46 गेंदों पर 66 रन की साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर पारी संभाली। कोहली 24 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए। ग्लेन मैक्सवेल नौ रन और महिपाल लोमरोर 14 रन बनाकर आउट हुए और कुछ खास नहीं कर सके।
मोहसिन खान ने डुप्लेसिस को पवेलियन भेजा
3. लखनऊ के खिलाड़ियों ने तीन कैच छोड़ा: लखनऊ की टीम ने तीन कैच छोड़े। सबसे पहले 14.5 ओवर में मोहसिन खान की गेंद पर केएल राहुल ने दिनेश कार्तिक का आसान कैच छोड़ा। तब कार्तिक दो रन पर थे। इसके बाद 15.3 ओवर में रवि बिश्नोई की गेंद पर दीपक हुड्डा ने रजत पाटीदार का आसान कैच छोड़ा। तब रजत 72 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। वहीं, 17.3 ओवर में मोहसिन खान की गेंद पर रजत का कैच छूटा। उनका कैच मनन वोहरा ने छोड़ा। तब रजत 93 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।
4. दिनेश कार्तिक की तूफानी पारी: दिनेश कार्तिक ने एक बार फिर शानदार पारी खेली। उन्होंने 23 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाए और नाबाद रहे। कार्तिक ने पाटीदार के साथ मिलकर 41 गेंदों पर नाबाद 92 रन की साझेदारी निभाई। बैंगलोर ने आखिरी पांच ओवर में 84 रन बनाए और एक भी विकेट नहीं गंवाया।
रजत पाटीदार और दिनेश कार्तिक
5. रजत पाटीदार का शानदार शतक: रजत पाटीदार ने अकेले दम पर बैंगलोर को 207 के स्कोर तक पहुंचाया। रजत ने 54 गेंदों पर 112 रन की पारी खेली। बैंगलोर के लिए इस सीजन वह एक रिप्लेसमेंट के तौर पर जुड़े थे। उन्हें लवनीत सिसोदिया की जगह टीम में शामिल किया गया था। ऑक्शन में रजत को किसी टीम ने नहीं खरीदा था। अब उन्होंने शतक लगाकर खुद की अहमियत साबित की।
6. राहुल और हुड्डा की साझेदारी: 41 रन पर लखनऊ की टीम ने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद केएल राहुल और दीपक हुड्डा ने 96 रन की साझेदारी निभाई और लखनऊ को जीत के करीब ले गए। दीपक हुड्डा 26 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए।
जोश हेजलवुड
7. हेजलवुड का 19वां ओवर: लखनऊ को आखिरी दो ओवर में 33 रन की जरूरत थी। तब एविन लुईस और केएल राहुल क्रीज पर थे। 19वें ओवर में जोश हेजलवुड गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने राहुल और क्रुणाल पांड्या को लगातार दो गेंदों पर पवेलियन भेजा। राहुल 58 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्के की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुए। राहुल की पारी बेकार गई। वहीं, क्रुणाल शून्य पर पवेलियन लौटे। इस ओवर में हेजलवुड ने दो विकेट लेने के साथ-साथ सिर्फ नौ रन दिए और यहीं से मैच बैंगलोर की पकड़ में आ गया। आखिरी ओवर में 24 रन चाहिए थे और लखनऊ की टीम नौ ही रन बना सकी।
IPL 2022 Rajat Patidar: कौन हैं लखनऊ के खिलाफ शतक लगाने वाले रजत पाटीदार? नीलामी में नहीं मिला था कोई खरीदार