फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2024: नीलामी में बिके सबसे महंगे, आठ साल बाद की वापसी, पहले मैच में रहे फ्लॉप

Sun, 24 Mar 2024 03:38 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

स्टार्क आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बने थे। किसी गेंदबाज के लिए इतनी बड़ी रकम देना वो भी टी20 प्रारूप में यह अपने आप में एक बड़ी चीज थी। इस मैच में भले ही आंद्रे रसेल, हर्षित राणा और सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने चमक बिखेरी, लेकिन सभी की नजरें स्टार्क पर टिकी थीं। 
विज्ञापन
1 of 5
मिचेल स्टार्क - फोटो : IPL 2024
आईपीएल 2024 के लिए दिसंबर 2023 में हुई खिलाड़ियों की नीलामी में जिस नाम ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी उनमें ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क थे। स्टार्क को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने नीलामी में 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। स्टार्क आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बने थे। किसी गेंदबाज के लिए इतनी बड़ी रकम देना वो भी टी20 प्रारूप में यह अपने आप में एक बड़ी चीज थी। इस फैसले को लेकर तरह-तरह की बातें हुई थी। शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला उसके घरेलू मैदान ईडन गार्डेंस पर खेला गया। इस मैच में भले ही आंद्रे रसेल, हर्षित राणा और सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने चमक बिखेरी, लेकिन सभी की नजरें स्टार्क पर टिकी थीं। 
विज्ञापन

2 of 5
स्टार्क - फोटो : IPL
आईपीएल में पहली बार इतने महंगे साबित हुए स्टार्क
आईपीएल में आठ साल के लंबे अंतराल के बाद वापसी करने वाले स्टार्क के लिए यह मैच किसी बुरे सपने की तरह रहा। स्टार्क इस मैच में प्रभाव छोड़ने में पूरी तरह विफल रहे। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पैल में 53 रन लुटाए और खाली हाथ रहे। स्टार्क हालांकि अपनी क्षमता के मुताबिक 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक रहे थे, लेकिन उनकी तेजी भी किसी काम नहीं आई। इस दौरान स्टार्क की इकोनॉमी रेट 13.20 रही जिसमें उन्होंने छह वाइड गेंदें भी फेंकी। यह दर्शाता है कि स्टार्क किस तरह मैदान पर संघर्ष करते नजर आए। स्टार्क आईपीएल इतिहास में पहली बार इतने महंगे साबित हुए। इस टूर्नामेंट में पहली बार है जब स्टार्क ने किसी मैच में 50 से अधिक रन लुटाए हैं। 
विज्ञापन

3 of 5
मिचेल स्टार्क - फोटो : IPL
सबसे महंगा रहा 19वां ओवर
स्टार्क हैदराबाद के खिलाफ मैच में गेंद से टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दिला सके। उन्होंने अपने पहले ओवर में 12 रन दिए। इससे उनकी लय गड़बड़ा गई और वह खुद को नियंत्रित नहीं रख सके। इसके बाद दूसरे ओवर में स्टार्क के ओवर से 12 रन आए। हालांकि उन्होंने बाद में वापसी की और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 16वें ओवर में फिर स्टार्क पर भरोसा जताया। यह इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का तीसरा ओवर था। पिछले दो ओवरों की तुलना में स्टार्क ने इस ओवर में किफायती गेंदबाजी की और सिर्फ पांच रन दिए। फिर कप्तान ने स्टार्क को 19वें ओवर में गेंद सौंपी जो उनके स्पैल का अंतिम ओवर था। इस समय मैच काफी फंसा हुआ था और क्रीज पर क्लासेन के साथ शाहबाज अहमद मौजूद थे। क्लासेन की स्टार्क की पहली गेंद पर छक्का जड़ा। अगली गेंद पर क्लासेन कोई रन नहीं ले सके, लेकिन स्टार्क ने फिर वाइड गेंद फेंकी। तीसरी गेंद पर क्लासेन ने फिर छक्का मारा और चौथी गेंद को भी बाउंड्री के पार भेजने में सफल रहे। पांचवीं गेंद पर क्लासेन ने एक रन चुराया और स्ट्राइक शाहबाज के पास आई। शाहबाज ने भी स्टार्क की अंतिम गेंद पर छक्का जड़ दिया। इस तरह क्लासेन और शाहबाज ने स्टार्क के इस ओवर से 26 रन बटोरे 

4 of 5
गेंदबाजी के दौरान स्टार्क - फोटो : IPL 2024 SRH Vs KKR
हर्षित ने की भरपाई
टी20 क्रिकेट में 19वां ओवर काफी महत्वपूर्ण होता है। विशेषकर तब जब कोई टीम लक्ष्य का बचाव कर रही हो। इसी को ध्यान में रखते हुए श्रेयस ने स्टार्क को गेंद सौंपी थी, लेकिन उनका यह दांव पूरी तरह उलटा पड़ गया। स्टार्क की ओवर से 26 रन आने के कारण हैदराबाद के जीत के लिए अंतिम छह गेंद पर 13 रन बनाने थे और हर्षित ने ओवर की शुरुआत छक्के खाकर की थी। उस समय लगा कि स्टार्क का 19वां ओवर केकेआर की हार का कारण बन जाएगा, लेकिन हर्षित ने पांचवीं गेंद पर क्लासेन को आउट किया और अंत में टीम जीत दर्ज करने में सफल रही। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
स्टार्क - फोटो : सोशल मीडिया
स्टार्क के प्रदर्शन ने खड़े किए सवाल
स्टार्क का पहले मैच में जिस तरह का प्रदर्शन रहा उसे देखते हुए फैंस के मन में यह सवाल आया होगा कि क्या केकेआर ने स्टार्क के लिए कुछ ज्यादा भाव लगा दिया? हैदराबाद के खिलाफ स्टार्क की जैसी गेंदबाजी रही उसने इस सीजन में उनकी क्षमता को लेकर प्रश्न चिन्ह लगा दिया। पहले मैच में इस प्रदर्शन के कारण स्टार्क पर आगे के मैचों में बेहतर करने का दबाव रहेगा और उनकी कोशिश होगी कि अन्य मैचों में इसकी भरपाई की जा सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें