लुधियाना के गांव छज्जावाल के खेतों में बिजली ट्रांसफार्मर गिरने से भड़की चिंगारी से दो गांवों का करीब 400 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दोपहर तीन बजे के करीब चली तेज आंधी और तूफान के कारण छज्जावाल के खेतों मे ट्रांसफार्मर गिरने से आग भड़क उठी और हेरा गांव तक पहुंच गई। एक अनुमान के मुताबिक इस घटना में करीब 50 किसानों की फसल जलने से लगभग दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। ज्यादा नुकसान हेरा गांव के किसानों का हुआ है, क्योंकि हवा का रुख उसी तरफ था। एसडीएम रायकोट गुरबीर सिंह कोहली ने बताया कि नुकसान बहुत अधिक हुआ है, जिसका सही आकलन करने में समय लगेगा और प्रभावित किसानों की तादाद भी अधिक है। अधिकतर छोटे किसानों का नुकसान हुआ है, जो ठेके पर चार से 10 एकड़ जमीन पर खेती कर रहे थे।