पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्याकांड से जुड़े गैंगस्टरों और शॉर्प शूटर मनप्रीत मनु कुस्सा और जगरूप रूपा को पुलिस ने भारत-पाक सीमा के पास स्थित गांव भकना कलां व होशियार नगर के पास पांच घंटे तक चले एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। मुठभेड़ में तीन पुलिस कर्मचारी भी घायल हुए हैं, जबकि एक मीडियाकर्मी को कवरेज के दौरान टांग पर छर्रा लगा है। घायल पुलिस कर्मचारियों व मीडिया कर्मी को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। दोपहर बाद तक चली इस मुठभेड़ में दोनों ओर से 150 से अधिक गोलियां चलीं। गांव में एक पुराने घर में छिपकर बैठे गैंगस्टरों ने एके-47 से पुलिस पर हमला किया। घटनास्थल से एक एके-47 और एक पिस्टल भी बरामद हुआ है।